अयोध्या: रामलला को मत्था टेक सोनू निगम ने जताई ये इच्छा, कहा- ‘अपनी शरण में ले लो राम’
अयोध्या। संगीत जगत के चर्चित गायक सोनू निगम रविवार को अचानक राम नगरी अयोध्या पहुंचे। अयोध्या पहुंचे सोनू निगम ने बजरंगबली और रामलला को मत्था टेका तथा संध्या आरती में शामिल हुए। संध्या आरती के बाद उन्होंने कहा कि अपनी शरण में ले लो राम। सुप्रीम फैसले के बाद राम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर …
अयोध्या। संगीत जगत के चर्चित गायक सोनू निगम रविवार को अचानक राम नगरी अयोध्या पहुंचे। अयोध्या पहुंचे सोनू निगम ने बजरंगबली और रामलला को मत्था टेका तथा संध्या आरती में शामिल हुए। संध्या आरती के बाद उन्होंने कहा कि अपनी शरण में ले लो राम।
सुप्रीम फैसले के बाद राम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर के निर्माण की कवायद के बीच एक बार फिर अयोध्या वैश्विक फलक पर चर्चा में है। आए दिन किसी न किसी चर्चित शख्स का राम नगरी दौरा होता रहता है। रविवार को दूसरी पहर अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गायक सोनू निगम अयोध्या पहुंचे।
अयोध्या पहुंचे सोनू निगम ने पहले पौराणिक पीठ हनुमानगढ़ी में बजरंगबली को मत्था टेका और आशीर्वाद लिया इसके बाद जन्मभूमि परिसर स्थित विराजमान रामलला का दर्शन पूजन किया और रामलला के संध्या आरती में शामिल हुए। मीडिया से मुखातिब गायक सोनू निगम ने कहा कि रामनगरी अयोध्या भारत देश का हृदय है। हिंदू धर्म के आस्था की सबसे बड़ी जगह है। उनकी कई वर्षों से अयोध्या आने की इच्छा थी, जो आज जाकर पूरी हुई।
उन्होंने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण देश को गरिमा और गौरव प्रदान करेगा। उनकी इच्छा है कि वह अपने दोस्तों के साथ राम मंदिर निर्माण में एक ईंट रखें और मंदिर निर्माण में सहभागी बने। अपनी भावनाओं को व्यक्त करने के लिए उन्होंने अपने चर्चित भजन ‘अपने शरण मे ले लो राम की दो लाइन गुनगुनाई।
