हल्द्वानी: शहर के बीस हजार लोगों को नहीं मिला पानी
हल्द्वानी,अमृत विचार। सिंधी चौराहे पर पानी की पाइप लाइन फटने से सोमवार को पानी की आपूर्ति ठप कर दी गयी। इसके चलते नैनीताल रोड की कुछ कालोनियां समेत रामपुर रोड और बरेली रोड में पानी की आपूर्ति नहीं हुई। ऐसे में करीब 20 हजार लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा। वहीं, एसएसपी …
हल्द्वानी,अमृत विचार। सिंधी चौराहे पर पानी की पाइप लाइन फटने से सोमवार को पानी की आपूर्ति ठप कर दी गयी। इसके चलते नैनीताल रोड की कुछ कालोनियां समेत रामपुर रोड और बरेली रोड में पानी की आपूर्ति नहीं हुई। ऐसे में करीब 20 हजार लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा। वहीं, एसएसपी आवास में भी पानी नहीं आया तो अग्निशमन विभाग की ओर से पानी की आपूर्ति कर दी गयी।
लोक निर्माण विभाग की ओर से सिंधी चौराहे पर काम चल रहा है। काम के दौरान पानी की लाइन क्षतिग्रस्त होकर फट गयी। इस पर जल संस्थान के अधिकारियों को मामले की जानकारी दी गयी। जल संस्थान के अधिकारियों ने टीम के साथ मौके पर पहुंच कर पाइप लाइन की मरम्मतीकरण का काम शुरू कर दिया। इसके लिए फिल्टर नंबर चार से पानी की आपूर्ति बंद कर दी गयी।
ऐसे में बद्रीपुरा, आफिसर कालोनी, आनंदबाग, शेखावतगंज, मल्ला-तल्ला गोरखपुर, अंबिका विहार आदि कई कालोनियों में पानी नहीं आया। वहीं, रामपुर रोड और बरेली रोड में भी कुछ जगहों पर पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी। ऐसे में लोगों को पानी को लेकर खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जल संस्थान के सहायक अभियंता रविंद्र कुमार ने बताया कि देर शाम काम पूरा कर दिया गया है। मंगलवार से पानी की आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।
