बरेली: फरीदपुर में आई शोहदों की शामत, 15 दबोचे
फरीदपुर/बरेली, अमृत विचार। फरीदपुर थाना पुलिस ने सोमवार को नगर में बढ़ती छेड़खानी की घटनाओं को लेकर शोहदों से निपटने के लिए नगर में एंटी रोमियो अभियान चलाया। अभियान में 15 शोहदों को पुलिस ने पकड़ा। उनके परिजनों को थाने बुलाकर नोटिस जारी किया। वहीं पुलिस ने क्षेत्र में कई स्थान पर चेकिंग भी की। …
फरीदपुर/बरेली, अमृत विचार। फरीदपुर थाना पुलिस ने सोमवार को नगर में बढ़ती छेड़खानी की घटनाओं को लेकर शोहदों से निपटने के लिए नगर में एंटी रोमियो अभियान चलाया। अभियान में 15 शोहदों को पुलिस ने पकड़ा। उनके परिजनों को थाने बुलाकर नोटिस जारी किया। वहीं पुलिस ने क्षेत्र में कई स्थान पर चेकिंग भी की।
नगर के मुख्य स्थानों पर स्कूल जाने वाली छात्राओं एवं महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की लगातार शिकायतें आ रही थीं। इसको लेकर पुलिस ने सोमवार को एंटी रोमियो अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने 15 शोहदों को पकड़ा। यहां से गुजर रही महिलाओं व छात्राओं से बातचीत की। उनसे पूछा कि उन्हें किसी तरह की कोई समस्या तो नहीं है।
हिरासत में लिए शोहदों को थाने लाया गया। जब आरोपियों से उनके घरवालों का नंबर मांगा तो वह हाथ जोड़कर माफ करने की गुहार लगाने लगे। उनके परिजनों से बात कर उन्हें थाने बुलाया गया। उनके बेटों की हरकतों के बारे में बताकर पुलिस ने नोटिस जारी किया। आरोपियों के परिजनों को हिदायत दी कि यदि दोबारा ऐसी हरकतें करते उनके बेटे पकड़े गये तो कार्रवाई की जाएगी और उन्हें जेल भेजा जाएगा। पुलिस ने आरोपियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
वहीं इस दौरान पुलिस ने 50 दो पहिया वाहनों के चालान काटे। पुलिस द्वारा दो पहिया वाहनों की चेकिंग करने पर लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मोटरसाइकिल चालकों को रोक रोक कर उनके कागजात चेक किए और हेलमेट न पहने होने का कारण पूछा।
