बरेली: 34 केंद्रों पर 68.8 प्रतिशत स्वास्थ्यकर्मियों ने लगवाया कोरोना का टीका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। वैश्विक महामारी कोरोना को हराने के लिए शासन से मिली गाइडलाइन के मुताबिक गुरुवार को पहले चरण का तीसरा वैक्सीनेशन जिले के 34 केंद्रों पर हुआ। स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षित वैक्सीनेटरों नें सुबह 9 से शाम 5 बजे तक स्वास्थ्यकर्मियों को सुरक्षा का टीका लगाया। वैक्सीनेशन के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 34 केंद्रों …

अमृत विचार, बरेली। वैश्विक महामारी कोरोना को हराने के लिए शासन से मिली गाइडलाइन के मुताबिक गुरुवार को पहले चरण का तीसरा वैक्सीनेशन जिले के 34 केंद्रों पर हुआ। स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षित वैक्सीनेटरों नें सुबह 9 से शाम 5 बजे तक स्वास्थ्यकर्मियों को सुरक्षा का टीका लगाया। वैक्सीनेशन के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 34 केंद्रों पर 65 सेशन बनाए हैं, जिनमें 7319 स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगना था, जिसमें 5076 स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना वैक्सीन कोविशील्ड का टीका लगा। इससे पहले 16 जनवरी को हुए वैक्सीनेशन में 66.5 एवं 22 जनवरी को 66.7 प्रतिशत स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन लगाई गई थी।

चूंकि बरेली का औसत प्रदेश के मुकाबले कम था, ऐसे में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को ज्यादा वैक्सीनेशन की तैयारी की थी, जिसका परिणाम गुरुवार को यह मिला कि 68.8 प्रतिशत स्वास्थ्यकर्मियों ने कोरोना की वैक्सीन लगवाई है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आरएन सिंह ने बताया कि पहले डोज के बाद दूसरा डोज 28वें दिन लगेगा। टीका लगने के बाद आधे घंटे तक टीकाकरण केंद्र पर स्थित निगरानी कक्ष में स्टाफ की निगरानी में रुके।

वहीं, निगरानी कक्ष में तैनात स्टाफ को प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि प्रतिरक्षित व्यक्ति को यदि बेचैनी या किसी भी तरह की समस्या होती है, तो निकटतम स्वास्थ्य अधिकारियों, एएनएम और आशा को इसकी सूचना दें। इसके लिए एंबुलेंस सेवा 108 भी उपलब्ध रहेगी। प्रतिरक्षित व्यक्ति भी कोरोना अनुरूप व्यवहारों जैसे मास्क पहनना, हाथ की सफाई और छह फीट की शारीरिक दूरी बनाये रखने का पालन करें।

महिला जिला अस्पताल में हुआ 76.8 प्रतिशत वैक्सीनेशन
महिला जिला अस्पताल में सुबह 9 बजे प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. अलका शर्मा ने शुभारंभ किया। महिला जिला अस्पताल में शुक्रवार को जहां 43 प्रतिशत वैक्सीनेशन हुआ। वहीं, गुरुवार को 76.8 प्रतिशत वैक्सीनेशन हुआ। महिला जिला अस्पताल में 125 स्वास्थ्यकर्मियों के वैक्सीनेशन का लक्ष्य दिया गया था, जिसमें कुल 96 स्वास्थ्य कर्मियों ने वैक्सीनेशन कराया। वैक्सीनेशन के दौरान प्रमुख चिकित्सा अधीक्षिका डा. अलका शर्मा ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

एक तरफ वैक्सीनेशन तो दूसरी तरफ नहीं हो रहा था सामाजिक दूरी का पालन
महिला जिला अस्पताल में एक ओर जहां कोरोना संक्रमण से सुरक्षा के वैक्सीनेशन किया जा रहा था, तो उसी तल पर दूसरी ओर से पैथोलॉजी लैब में कोरोना की गाइडलाइन की धज्जियां उड़ाई जा रही थी। वैक्सीनेशन वाले तल पर महिला जिला अस्पताल की सीएमएस भी निरीक्षण पर थी, पर उन्होंने सामाजिक दूरी के पालन करने को नहीं बोला। ऐसे में दो गज दूरी मास्क है जरूरी के मंत्र की धज्जियां उड़ाई गईं।

वैक्सीन लगने के बाद ड्यूटी पर वापस
जिला अस्पताल में तैनात डा. राहुल वाजपेयी की वैक्सीनेशन के दौरान वैक्सीनेशन सेंटर हेल्प डेस्क में ड्यूटी लगाई गई। गुरुवार को हो रहे जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में दो सेशन में वैक्सीनेशन के लिए उनका नाम सूची में मौजूद था। उन्होंने पहले हेल्प डेस्क पर अपनी ड्यूटी निभाई फिर वैक्सीन लगवाई, जिसके बाद आधा घंटे निगरानी कक्ष में रुकने के बाद वापस हेल्प डेस्क पर पहुंच गए।

जिला अस्पताल में पिछली बार से 3.8 फीसद अधिक हुआ वैक्सीनेशन
जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में दो सेशन लगाए गए। जिला अस्पताल स्थित वैक्सीनेशन केंद्र पर कुल 250 स्वास्थ्यकर्मियों का वैक्सीनेशन का लक्ष्य दिया गया था, जिसमें 184 स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन लगाई गई। बता दें कि पिछले वैक्सीनेशन में जिला अस्पताल में 69.5 प्रतिशत वैक्सीनेशन हुआ था। 200 स्वास्थ्यकर्मियों के वैक्सीनेशन का लक्ष्य दिया गया था, जिसमें 139 स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन लगाई गई। वहीं, इस बार कुल 73.6 प्रतिशत वैक्सीनेशन हुआ।

जिला अस्पताल स्थित बर्न वार्ड में दो सेशन में वैक्सीनेशन कराया गया। जिसमें कुल 73.6 फीसद स्वास्थ्यकर्मियों ने वैक्सीन लगाया गया, जिले में पिछली बार से 2.2 प्रतिशत अधिक वैक्सीनेशन हुआ। -डा. सुधीर कुमार गर्ग, मुख्य चिकित्सा अधिकारी

संबंधित समाचार