लखनऊ: धड़ल्ले से हो रहा अवैध खनन, पुलिस-प्रशासन मौन
बख्शी का तालाब, लखनऊ। बख्शी का तालाब में पुलिस-प्रशासन की नाक के नीचे धड़ल्ले से अवैध खनन हो रहा है। सूत्रों के अनुसार, प्रशासन की मिलीभगत से बख्शी का तालाब और इटौंजा थाना क्षेत्र के कुछ इलाकों में अवैध खनन का कारोबार धड़ल्ले से हो रहा है। दिन ढलते ही डंफरों से खनन शुरू हो …
बख्शी का तालाब, लखनऊ। बख्शी का तालाब में पुलिस-प्रशासन की नाक के नीचे धड़ल्ले से अवैध खनन हो रहा है। सूत्रों के अनुसार, प्रशासन की मिलीभगत से बख्शी का तालाब और इटौंजा थाना क्षेत्र के कुछ इलाकों में अवैध खनन का कारोबार धड़ल्ले से हो रहा है। दिन ढलते ही डंफरों से खनन शुरू हो जाता है। सोनवा गांव में अवैध खनन की शिकायतें कई बार अधिकारियों से की गईं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
सूत्रों के मुताबिक जनप्रतिनिधियों की शिकायत पर लेखपाल ने बुधवार को खनन स्थल की पैमाइश की थी, जिसमें अनुमति से लगभग दो हजार घन मीटर खनन अवैध पाया गया। जिसपर स्थानीय लेखपाल ने अपनी रिपोर्ट एसडीएम को सौंपी है। लेखपाल द्वारा अवैध रूप से खनन न करने के लिए माफिया को मना भी किया गया है लेकिन फिर भी धड़ल्ले से खनन किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि सोनवा गांव में कई दिनों से तालाब में अवैध खनन कर माफिया द्वारा रोजाना लगभग तीन लाख रुपये की मिट्टी बेची जा रही है। यहां पर सिर्फ 10 हजार घन मीटर तक ही मिट्टी खनन की अनुमति थी, लेकिन अब तक यहां लगभग 12 हजार घन मीटर से अधिक मिट्टी का खनन किया जा चुका है। जिसकी पुष्टि लेखपाल द्वारा की गई पैमाइश से हुई है।
स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण तालाब में अवैध रूप से मिट्टी की खोदाई कर बिक्री की शिकायत एसडीएम, डीएम, जिला खनन अधिकारी से लेकर सीएम विंडो तक कर चुके हैं। बावजूद इसके सरकारी कार्य के नाम पर बीकेटी के दर्जनों गांवों में अवैध खनन जारी है।
‘अवैध खनन की सूचना मिली है। उप जिलाधिकारी बीकेटी को कार्रवाई के लिये निर्देशित किया जायेगा’ -विपिन मिश्रा, एडीएम प्रशासन वित्त, लखनऊ
