बरेली: एडी हेल्थ समेत 5039 स्वास्थ्यकर्मियों ने लगवाया कोरोना का टीका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जनपद में शुक्रवार को प्रथम चरण के चौथे दिन में कोविड-19 टीकाकरण सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस चरण में निजी स्वास्थ्य कर्मी और सरकारी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों तक का टीकाकरण हुआ। महिला जिला अस्पताल में अपर निदेशक-चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. एसपी अग्रवाल ने टीकाकरण करवाया। शुक्रवार को …

बरेली, अमृत विचार। जनपद में शुक्रवार को प्रथम चरण के चौथे दिन में कोविड-19 टीकाकरण सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस चरण में निजी स्वास्थ्य कर्मी और सरकारी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों तक का टीकाकरण हुआ। महिला जिला अस्पताल में अपर निदेशक-चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. एसपी अग्रवाल ने टीकाकरण करवाया।

शुक्रवार को टीकाकरण अभियान के 45 केंद्रों में 58 सेशन संचालित किए गए। इसमें 17 सरकारी और 28 निजी अस्पतालों में टीकाकरण संपन्न कराया गया। इस दौरान पर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. सूर्यप्रकाश अग्रवाल ने भी कोरोना का टीका लगवाया। इसके बाद उन्होंने कहा कि वह एकदम स्वस्थ महसूस कर रहे हैं। राज्य सरकार व केंद्र सरकार द्वारा उठायी गयी यह महत्वपूर्ण व सराहनीय मुहिम है और इसके दूरगामी परिणाम बहुत अच्छे होंगे। सभी लोगों को चाहिए कि बिना डर व संकोच के अपना नम्बर आने पर वैक्सीन अवश्य लगवाएं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुधीर गर्ग ने कई केंद्रों और जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरएन सिंह ने नवाबगंज और बिथरी चैनपुर सीएचसी का निरीक्षण किया। सीएमओ ने बताया कि कोविड -19 टीकाकरण सफल बनाने के लिए सभी स्वास्थ्यकर्मी बहुत सजगता से कार्य कर रहे हैं। शुक्रवार को निजी चिकित्सालय और सरकारी स्वास्थ्य कर्मचारियों को कोविड -19 टीका से प्रतिरक्षित किया गया। कोविड-19 का यह टीका सबसे सुरक्षित टीका है। यह शरीर पर किसी तरह का प्रतिकूल प्रभाव नहीं छोड़ता है।

जिला प्रतिक्षण अधिकारी डा. आरएन सिंह ने बताया कि पहले चरण के पांचवें दिन का टीकाकरण 6 फरवरी और छठवें दिन का 5 फरवरी को टीकाकरण होगा। 4 फरवरी को 31 केन्द्रों में 57 सेशन में वैक्सीनेशन होगा।

टीके से नहीं कोई परेशानी
रामपुर गार्डन स्थित वात्सल्य अस्पताल में कोरोना टीका लगवाते हुए बाल रोग विशेषज्ञ डा. अतुल अग्रवाल ने कोरोना का टीका लगवाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि टीके से किसी तरह की कोई परेशान नहीं हुई है। इससे होने वाला रिएक्शन नगण्य है। स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डा. लतिका अग्रवाल ने बताया कि टीका लगवाने के बाद किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं हुई। टीकाकरण के बाद ओपीडी में मरीज भी देखे व एक ऑपरेशन भी किया।

सरन अस्पताल में गुरुवार को डा. सुदीप सरन, स्त्री एवं रोग प्रसूता डा. भारती सरन समेत अस्पताल के अन्य चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों ने कोरोना का टीका लगवाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कोरोना की चेन को तोड़ना बहुत जरूरी है। इतनी जल्दी किसी बीमारी की दवाई उपलब्ध कराना यह सरकार के कार्य करने की क्षमता को दर्शाता है।

कोरोना मुक्त भारत का सपना बिना महिलाओं की भागीदारी के असंभव
आईएमए उपाध्यक्ष डॉक्टर राजीव गोयल ने भी कोरोना वैक्सीन लगवायी। बताया कि वह स्वस्थ्य महसूस कर रहे हैं और लोगों से अपील करते हैं कि बिना हिचक अपना नम्बर आने पर वैक्सीन लगवाएं और कोरोना की चेन तोड़ने में जुड़ें व एक स्वस्थ्य कोरोना मुक्त समाज व देश निर्माण में अपना सहयोग दें। आईएमए लेडीज क्लब अध्यक्ष डॉ. ऋ तु राजीव ने भी कोरोना वैक्सीन लगवाने के बाद कहा कि वो एकदम स्वस्थ्य महसूस कर रही हैं। बरेली व देश की जनता से अपील करते हुए कहा कि कोरोना मुक्त भारत का सपना महिलाओं की भागीदारी के बिना सम्भव नहीं है, महिलाएं बिना डर एक कदम आगे बढ़ें और इस मुहिम का हिस्सा बनें।

पीलीभीत बाईपास रोड स्थित चंद्रलोक हॉस्पीटल के संचालक डा. हिमांशु अग्रवाल ने भी कोरोना का टीका लगवाया। कहा कि पूरी तरह स्वस्थ्य महसूस कर रहे हैं। टीका लगवाने के बाद ओपीडी में मरीजों को भी देखा।

संबंधित समाचार