बरेली: चार के बदले दिए 10.56 लाख, फिर भी रुपये बकाया
बरेली,अमृत विचार। सूदखोर ने चार के बदले 10.56 लाख रुपये वसूल कर लिए। इसके बाद भी वह लाखों रुपये बकाया बता रहा है। पीड़ित जब रुपये नहीं देता है तो आरोपी दरोगा से उसे धमकी दिलाते हैं। पीड़ित का कहना है कि यदि कुछ दिन ऐसा और चलता रहा तो वह आत्महत्या को मजबूर हो …
बरेली,अमृत विचार। सूदखोर ने चार के बदले 10.56 लाख रुपये वसूल कर लिए। इसके बाद भी वह लाखों रुपये बकाया बता रहा है। पीड़ित जब रुपये नहीं देता है तो आरोपी दरोगा से उसे धमकी दिलाते हैं। पीड़ित का कहना है कि यदि कुछ दिन ऐसा और चलता रहा तो वह आत्महत्या को मजबूर हो जाएगा। इसके बाद आईजी ने ऑपरेशन मुक्ति के तहत आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
आंवला के शक्ति नगर निवासी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि उनके पिता यूपी सहकारी भूमि विकास बैंक शाखा आंवला में तैनात थे। उनके साथ एक फील्ड अफसर भी काम करता था जो कोतवाली सिविल लाइंस में तैनात था। मजबूरी में राजीव ने 2008 में उनसे 4 लाख रुपये ब्याज पर लिए थे। हर माह उसे 3 से 8 तारीख के बीच में 8800 रुपये दिया करते थे। इस तरह से वह आरोपी सूदखोर को 10.56 लाख रुपये दे चुका है। इसके बाद भी सूदखोर उस पर मोटी रकम बकाया बता रहा है और रुपये न देने पर एक दरोगा उन्हें फोन पर धमकाता है। परेशान युवक ने शनिवार को इसकी शिकायत आईजी से की। आईजी ने नोडल अफसर ऑपरेशन मुक्ति को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
“आंवला के युवक ने सूदखोरी की शिकायत की है। मामले की जांच कराई जा रही है। दोषी पाए जाने पर सूदखोर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दरोगा की भूमिका की भी जांच कराई जाएगी।” -राजेश कुमार पांडेय, आईजी
