बरेली: पहली बार रेलवे ओवरब्रिज भी बनाएगा लोक निर्माण विभाग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। लोक निर्माण विभाग के विशेष सचिव डा. चंद्र भूषण ने कहा कि लोक निर्माण विभाग पहली बार रेलवे लाइन के ऊपर से गुजरने वाले पुल (आरओबी) का निर्माण कराएगा। केवल डिजायन बनाने की जिम्मेदारी रेलवे की रहेगी। विशेष सचिव का मानना है कि इससे रेलवे ओवरब्रिज में रेलवे की ओर से फंसने …

बरेली, अमृत विचार। लोक निर्माण विभाग के विशेष सचिव डा. चंद्र भूषण ने कहा कि लोक निर्माण विभाग पहली बार रेलवे लाइन के ऊपर से गुजरने वाले पुल (आरओबी) का निर्माण कराएगा। केवल डिजायन बनाने की जिम्मेदारी रेलवे की रहेगी। विशेष सचिव का मानना है कि इससे रेलवे ओवरब्रिज में रेलवे की ओर से फंसने वाले पेंच का भी हल निकल गया है। इससे कार्य में तेजी आएगी। वहीं, पीलीभीत में एक शहीद पथ का निर्माण भी किया जाएगा।

मंडल के दौरे पर आए विशेष सचिव शनिवार को सबसे पहले मुख्य अभियंता कार्यालय पहुंचे। उन्होंने प्रयोगशाला में अपने सामने सड़क का सैंपल की जांच कराई जिसमें सड़क की गुणवत्ता ठीक पाई गई। इसके बाद पीलीभीत जाते समय उन्होंने डोहरा रोड का निरीक्षण किया और सैंपल भरवाकर जांच के लिए भिजवाया। इसके बाद पैचवर्क का निरीक्षण कर पीलीभीत पहुंचे।

उन्होंने बताया कि पीलीभीत में 12 किमी सड़क बनाई जा रही है। रेलवे लाइन पर टनकपुर-पीलीभीत और मैलानी-पीलीभीत पर बनने वाले रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण शीघ्र ही लोक निर्माण विभाग कराएगा। इससे पहले रेलवे अपने हिस्से का पुल बनाता था जिससे कई बार लेटलतीफी से काम फंस जात था। टॉपर छात्र के घर तक का मार्ग डा. एपीजे कलाम योजना के तहत बनाया जाएगा। सेना शहीद जवानों के नाम पर शहीद पथ का निर्माण किया जाएगा।

चौराहों पर लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जेब्रा क्रासिंग, ब्रेकर, रात में दिखने वाले रेडियम और साइन बोर्ड लगाया जा रहा है। कोरोना के कारण कार्य प्रभावित हुए हैं। इसके चलते पूरा जोर दिया जा रहा है कि फरवरी और मार्च माह बचे कार्यों को पूरा कर लिया जाए। जिन कार्यों के लिए बजट की मांग भेजी गई है उनके लिए धन आवंटित करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद रात में विशेष सचिव ने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता के साथ कार्य होना चाहिए। अगर किसी की लापरवाही पाएगी तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मंडल में 22 प्लास्टिक वेस्ट सड़क का निर्माण
विशेष सचिव ने बताया कि लोक निर्माण विभाग मंडल में 22 प्लास्टिक वेस्ट सड़क का निर्माण करा रहा है। ये सड़कें काफी मजबूत होंगी। साथ ही हर्बल सड़कों के निर्माण पर जोर दिया जा रहा है। इन सड़कों को पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़कों के निर्माण को लेकर नई योजनाओं पर विचार किया जा रहा है। आने वाले समय में कई योजनाओं के तहत नई सड़कों का निर्माण किया जाना है।

संबंधित समाचार