पहली बार अमेठी आए भाजपा प्रदेश महामंत्री बोले- ‘जनता की भलाई के लिए हमेशा करेंगे काम’
अमेठी। भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता एवं हाल ही में विधान परिषद सदस्य बने भाजपा प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला उर्फ राजा बाबू के अमेठी पहली बार आने पर इन्हौना, जगदीशपुर, जामो, गौरीगंज, ताला भीटा, चौक चौराहा, अमेठी डाक बंगला आदि स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारियों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। उसके …
अमेठी। भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता एवं हाल ही में विधान परिषद सदस्य बने भाजपा प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला उर्फ राजा बाबू के अमेठी पहली बार आने पर इन्हौना, जगदीशपुर, जामो, गौरीगंज, ताला भीटा, चौक चौराहा, अमेठी डाक बंगला आदि स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारियों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया।
उसके बाद जिला कार्यालय गौरीगंज में सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ भेंट वार्ता हुई। अमेठी आगमन पर सर्वप्रथम इन्हौना में जिला अध्यक्ष दुर्गेश त्रिपाठी एवं उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र शुक्ला के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ताओं ने गोविंद नारायण शुक्ला का स्वागत किया।
इस दौरान एमएलसी गोविंद नारायण शुक्ला राजा बाबू ने कहा कि इन्हौना का स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि हम सभी ने केंद्रीय मंत्री एवं अमेठी सांसद स्मृति ईरानी का सर्वप्रथम स्वागत यहीं पर किया था। उन्होंने कहा कि पार्टी ने मुझे जो दायित्व सौंपा है मैं पूरी निष्ठा से अपने कर्तव्यों का निर्वाहन करूंगा तथा गरीबों और आम जनमानस की भलाई के लिए सदैव कार्य करता रहूंगा।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र शुक्ला ने कहा कि अमेठी जनपद के भेटूआ ब्लॉक के कड़ेर गांव में किसान परिवार में जन्मे एमएलसी गोविंद नारायण शुक्ला ने सबसे पहले युवा मोर्चा अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। उसके बाद जिला उपाध्यक्ष, जिला महामंत्री, जिला अध्यक्ष, काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, फिर प्रदेश के महामंत्री बनते हुए आज सदस्य विधान परिषद और प्रदेश महामंत्री का दायित्व संभाल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही देश की इकलौती ऐसी पार्टी है जहां परिवारवाद, वंशवाद और जातिवाद से ऊपर उठकर योग्यता के अनुसार लोगों को पद दिया जाता है।
इस दौरान सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों सहित आम जनमानस ने रेडियो पर प्रधानमंत्री द्वारा कहीं जा रही मन की बात को भी सुना। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष दुर्गेश त्रिपाठी, जिला उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष उमा सरोज, जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी, व्यापार प्रकोष्ठ संयोजक पंडित राम उंजेरे शुक्ला, बाराबंकी भाजपा जिला अध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव, हैदर गढ़ विधायक बैजनाथ रावत, किश्ती नगर प्रधान विक्रम सिंह, भाजपा नेता विनय चौरसिया, दीपचंद कौशल, पूर्व अमेठी अध्यक्ष दयाशंकर यादव, भाजपा जिला प्रवक्ता चंद्रमौली सहित हजारों कार्यकर्ता पदाधिकारी एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
