आदिल हत्याकांड का खुलासा: पुलिस ने दो आरोपियों को भेजा जेल
मुरादाबाद, अमृत विचार। मैनाठेर थाना पुलिस ने किन्नर के साथ ढोलक बजाने वाले हापुड़ निवासी आदिल की हत्या का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से आला कत्ल भी बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस पांच लोगों को पहले ही …
मुरादाबाद, अमृत विचार। मैनाठेर थाना पुलिस ने किन्नर के साथ ढोलक बजाने वाले हापुड़ निवासी आदिल की हत्या का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से आला कत्ल भी बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस पांच लोगों को पहले ही जेल भेज चुकी है।
एसपी देहात विद्यासागर मिश्र ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि हापुड़ देहात थाना क्षेत्र के ग्राम असौड़ा मौहल्ला अहसान नगर निवासी तीस वर्षीय आदिल मैनाठेर जनपद के गांव महमूदपुर माफी में रहने वाले किन्नर मुमताज के यहां ढोलक बजाने का काम करता था। आदिल के पिता शब्बीर ने 25 जनवरी को मैनाठेर थाने में अपने पुत्र के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने आदिल के अपहरण के मामले में अकरम, किन्नर गुरु गुफरान, सिमरन, महक और शबीना को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। इस दौरान पुलिस आदिल की सरगर्मी से तलाश कर रही थी, लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं लग पा रहा था।
एसपी देहात ने बताया कि अलीगढ़ जनपद के हरदुआगंज थाना क्षेत्र में अज्ञात युवक का शव मिला था। पुलिस ने शव का अज्ञात में अंतिम संस्कार भी कर दिया था। इसकी जानकारी मिलने पर आदिल के परिजन अलीगढ़ पहुंचे और कपड़ों आदि से मृतक की शिनाख्त अपने बेटे आदिल के रूप में की। इस मामले में मैनाठेर पुलिस ने महमूदपुर माफी निवासी सलीम और अफसर उर्फ शेरू को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सलीम ने बताया कि मुमताज किन्नर उसका सगा भाई है। जबकि अफसर उर्फ शेरू उनका भांजा है। आदिल उसके भाई किन्नर मुमताज के यहां ढोलक बजाने का काम करता था। कुछ दिन से आदिल मुमताज के साथ काम करने का इच्छुक नहीं था। जबकि किन्नर मुमताज उसे किसी भी कीमत पर अपने से दूर नहीं होने देना चाहती थी। लेकिन आदिल मुमताज की बात मानने के लिए तैयार नहीं था।
इसी बात से नाराज होकर मुमताज ने आदिल की हत्या करने की योजना बनाई। योजना के तहत आदिल को उसके घर से अपने घर ले आए। 21 जनवरी की रात को ही उसे मारने की तैयारी कर ली थी। सलीम और अफसर ने अकरम, किन्नर गुरु गुफरान, सिमरन, महक और सबीना के साथ मिलकर आदिल को जबरदस्ती गाड़ी में बैठा दिया। आदिल ने विरोध भी किया, लेकिन सलीम, मुमताज और अफसर उर्फ शेरू उसे उसके घर छोडऩे की बात कहते हुए जबरन गाड़ी में डालकर महमूदपुर माफी से लेकर चले गए। रास्ते में तीनों ने लोहे की रॉड से वार करके आदिल की हत्या कर दी। इसके बाद उसके शव को अलीगढ़ जनपद के हरदुआगंज थाना क्षेत्र में फेंक दिया और फरार हो गए।
एसपी देहात ने बताया कि सलीम और अफसर की निशानदेही पर पुलिस ने वह रॉड भी बरामद कर ली है, जिससे आदिल की हत्या की गई थी। इनके खिलाफ छजलैट थाने में दो मुकदमे दर्ज हैं। इनका आपराधिक रिकार्ड भी पुलिस खंगाल रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले का मुख्य आरोपी किन्नर मुमताज फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी भी तलाश कर रही है।
