मुरादाबाद: अधिवक्ता पर जानलेवा हमला करने में सात लोगों के खिलाफ मुकदमा, जांच शुरू
मुरादाबाद,अमृत विचार। पाकबड़ा पुलिस ने अधिवक्ता उवैद पर जानलेवा हमला करने के आरोप में सात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। अधिवक्ता को गुरुवार की रात पाकबड़ा थाना क्षेत्र में गोली मारकर घायल कर दिया था। पुलिस ने अधिवक्ता के मामा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करके …
मुरादाबाद,अमृत विचार। पाकबड़ा पुलिस ने अधिवक्ता उवैद पर जानलेवा हमला करने के आरोप में सात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। अधिवक्ता को गुरुवार की रात पाकबड़ा थाना क्षेत्र में गोली मारकर घायल कर दिया था। पुलिस ने अधिवक्ता के मामा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करके इस मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल अधिवक्ता का मेरठ के सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
थाना मैनाठेर क्षेत्र के गांव रसूलपुर निवासी उवैद अधिवक्ता हैं। गुरुवार की रात वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। पाकबड़ा थाना क्षेत्र में डींगरपुर बाइपास पर हमलावरों ने अधिवक्ता पर फायर झौंक दिया था। सिर और गर्दन में गोली लगने से अधिवक्ता उवैध गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायल हालत में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अधिवक्ता की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए डाक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया था।
परिजनों ने उनको मेरठ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। अधिवक्ता के मामा ने रंजिश का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी। पाकबड़ा पुलिस ने देर रात मुहम्मद जुबैर उसके भाई फिरोज पुत्र मुस्लिम, हनीफ, अल्ताफ, हामिद, भूरे, जीशान और अरशद के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
एसएसपी सिटी अमित कुमार आनंद ने बताया कि गुरुवार रात पाकड़ा थाना क्षेत्र में अधिवक्ता अपने घर लौट रहे थे। आरोप है कि नामजद आरोपियों ने उनको जान से मारने का प्रयास किया। बताया जाता है दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था, उस समय भी अधिवक्ता पर हमला हुआ था। अधिवक्ता ने मैनाठेर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। अधिवक्ता पर जानलेवा हमले में सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
