मुरादाबाद: विवाहिता से सामूहिक दुष्कर्म, अश्लील क्लिप भी बनाई
मुरादाबाद, अमृत विचार। महिलाओं पर होने वाले शोषण को रोकने के लिए शासन की ओर से किए जा रहे तमाम प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं। आए दिन ऐसे तमाम मामले सामने आते हैं, जिन्हें अखबारों में पढ़कर या टीवी पर देख कर रूह कांप उठती है। क्षेत्र में ऐसे ही चार मामले सामने आए …
मुरादाबाद, अमृत विचार। महिलाओं पर होने वाले शोषण को रोकने के लिए शासन की ओर से किए जा रहे तमाम प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं। आए दिन ऐसे तमाम मामले सामने आते हैं, जिन्हें अखबारों में पढ़कर या टीवी पर देख कर रूह कांप उठती है।
क्षेत्र में ऐसे ही चार मामले सामने आए हैं, जिनमें सबसे दर्द भरी दास्तां छजलैट थाना क्षेत्र की एक नवविवाहिता की है, जिसके साथ उसके पति के करीबियों ने सामूहिक दुष्कर्म किया और वीडियो क्लिप भी बना ली। महिला ने जब पति से शिकायत की तो उसने न आरोपियों से कुछ कहा, न उन पर कोई कार्रवाई की, उल्टा पीड़िता को ही फोन पर तलाक बोल डाला।
महिला का विवाह अमरोहा देहात के नगला नौरान निवासी युवक के साथ हुआ था। जनवरी में वह मायके आई थी। 18 जनवरी को उसके पिता और भाई रिश्तेदारी में गए हुए थे। इसी बीच पति के दो रिश्तेदार मेहमानदारी में आए। आरोप है कि रात में दोनों ने उसे बुरी नीयत से दबोच लिया और बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता के अनसुार इस दौरान आरोपियों ने अश्लील वीडियो क्लिप भी बना ली। उसके शोर मचाने पर मां और परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसे किसी तरह आरोपियों के चुंगल से बचाया। दोनों ने धमकी दी कि अगर पुलिस से शिकायत की तो वीडीओ इंटरनेट पर डाल देंगे। इधर जब पीड़िता ने इसकी शिकायत पति से की तो उसने फोन पर ही तीन तलाक बोल दिया। दूसरे दिन पिता रिश्तेदारी से लौटे तो उन्हें घटनाक्रम से अवगत कराया, जिस पर वह उसे लेकर थाना छजलैट गए। आरोप है कि पुलिस ने उनकी एक न सुनी। इसके बाद पीड़िता ने एसएसपी से शिकायत की। उन्होंने पुलिस को मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं।
शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म
मझोला थाना क्षेत्र की रहने वाले एक महिला ने पड़ोस के युवक पर उसकी बेटी के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। कार्रवाई न होने पर पीड़ित महिला ने मुख्यमंत्री को पत्र लिख कर शिकायत की है।थाना मझोला क्षेत्र के करूला लाल नगरी की रहने वाली एक महिला चाय की दुकान चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करती है। उसके दो बेटे और दो बेटियां हैं।
महिला ने बताया कि पड़ोस में रहने वाला युवक अजीम पिछले काफी समय से शादी का झांसा देकर उसकी बेटी से दुष्कर्म कर रहा है। पिछले दिनों महिला ने उसके परिजनों से शादी के लिए कहा, जिस पर अजीम के परिजनों ने कहा कि हम शादी तभी कर लेंगे। लेकिन, दहेज में एक बाइक देने के साथ ही बारात में 300 लोगों का खाना खिलाना पड़ेगा। इस पर जब महिला ने कहा कि वह गरीबी की वजह से दहेज में बाइक नहीं दे सकती। तो उन्होंने शादी से इंकार कर दिया। आरोप है कि पीड़िता के घर में घुसकर उन्होंने मारपीट भी की। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को टीपी नगर पुलिस चौकी ले आई, जहां आरोपी ने शादी करने की बात कही। लेकिन, अभी तक शादी नहीं की है। आरोप है कि उसके परिजन मुकदमा वापस करने के लिए दबाव बना रहे हैं। ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
मां के साथ घर जा रही किशोरी को सरेराह उठाया
मझोला थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में मनचलों ने मां के साथ मौसी के घर से लौट रही नाबालिग को सरेराह उठाकर कमरे में बंद कर दुष्कर्म का प्रयास किया। मां के शोर मचाने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को पकड़कर चौकी ले गई, लेकिन बिना कार्रवाई के ही छोड़ दिया। थाने में शिकायत करने पर मनचले ने घर में घुसकर पीड़िता व घरवालों को बुरी तरह पीटा। शुक्रवार को मामले की शिकायत एसएसपी से की गई। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मझोला थाना पुलिस को आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
नाबालिग पीड़िता मझोला थाना क्षेत्र के टीपी नगर चौकी इलाके की रहने वाली है। जानकारी के अनुसार 29 जनवरी को वह अपनी मां के साथ डबल फाटक पर रहने वाली मौसी के घर गई थी। शाम को घर लौटते समय पड़ोस में रहने वाले एक मनचले ने किशोरी को खींच लिया और उसे कमरे में ले जाकर बलात्कार का प्रयास किया। मां ने शोर मचाते हुए कमरे का दरवाजा खुलवाने का काफी प्रयास किया, लेकिन फाटक नहीं खोले। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी को पकड़कर चौकी ले आई। लेकिन, पूछताछ कर बिना कार्रवाई के ही छोड़ दिया। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने मझोला थाना पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
बाजार में युवती से छेड़ाछाड, आरोपी फरार
मझोला थाना क्षेत्र अंतर्गत पीर का बाजार में खरीदारी करने आई युवती के साथ एक मनचले ने छेड़छाड़ की। शोर मचाने पर आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। इसके बाद पीड़ित युवती बिना किसी कार्रवाई के घर चली गई। मझोला थाना अंतर्गत जयंतीपुर की रहने वाले एक युवती अपनी भाभी के साथ पीर का बाजार से खरीदारी करने पहुंची थी। युवती एक दुकान के बाहर खड़ी थी, तभी एक युवक वहां आया और अश्लील हरकतें करते हुए उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। पहले तो युवती ने कुछ नहीं कहा। लेकिन, दोबारा हरकत करने पर उसने शोर मचा दिया। इस पर आरोपी वहां से फरार हो गया।
