बरेली को जल्द मिलेगा सुपर स्पेशियलिटी कैंसर अस्पताल, हुआ भूमि पूजन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। न सिर्फ बरेली जनपद बल्कि आसपास के जिलों के लोगों को अब बहुत ही जल्द कैंसर स्पेशियलिटी अस्पताल की सौगात मिलने जा रही है। जल्द ही कैंसर पीड़ितों को बरेली में ही कैंसर का बेहतर उपचार मिल सकेगा। लोगों के इस सपने को रोहिलखंड मेडिकल कालेज एवं अस्पताल ने सच कर दिखाया …

अमृत विचार, बरेली। न सिर्फ बरेली जनपद बल्कि आसपास के जिलों के लोगों को अब बहुत ही जल्द कैंसर स्पेशियलिटी अस्पताल की सौगात मिलने जा रही है। जल्द ही कैंसर पीड़ितों को बरेली में ही कैंसर का बेहतर उपचार मिल सकेगा। लोगों के इस सपने को रोहिलखंड मेडिकल कालेज एवं अस्पताल ने सच कर दिखाया है।

रविवार को सुरेश शर्मा नगर पीलीभीत बाईपास रोड स्थित रोहिलखंड मेडिकल कालेज एवं अस्पताल परिसर में कैंसर अस्पताल की नींव रखी गई। इसकी आधारशिला खुद बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति डा. केशव अग्रवाल और प्रति कुलाधिपति डा. अशोक अग्रवाल ने संयुक्त रूप से रखी। इस दौरान सुपर स्पेशियलिटी कैंसर अस्पताल के भूमि पूजन पर मुख्य अतिथि के रूप में मशहूर शायर वसीम बरेलवी भी मौजूद रहे।

रविवार की सुबह रोहिलखंड मेडिकल कालेज एवं अस्पताल के परिसर में ही कैंसर अस्पताल का भूमि पूजन किया गया। इस दौरान बरेली डा. केशव अग्रवाल, डा. अशोक अग्रवाल, डा. लता अग्रवाल, डा. किरन अग्रवाल, कैंसर रोग विशेषज्ञ डा.अर्जुन अग्रवाल, आर्थोपेडिक सर्जन डा. वरूण अग्रवाल ने संयुक्त रूप से पूजा-अर्चना कर भगवान विश्वकर्मा से मंगलकामना की।

इस दौरान डा.केशव अग्रवाल ने कहा कि कैंसर के उपचार के लिए लोगों को मुंबई, दिल्ली जैसे बड़े शहरों में जाना पड़ता था लेकिन जल्द ही शहरवासियों को बरेली में ही अत्याधुनिक कैंसर सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की सौगात मिलने जा रही है। अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से शहर में ही कैंसर का उपचार हो सकेगा। इसके अलावा कैंसर मरीजों के लिए ओपीडी की सुविधा भी रहेगी जिसके माध्यम से कैंसर जैसी बीमारी को शुरुआती चरण में ही पकड़ कर उसका उपचार किया जा सकेगा।

वहीं, डा. अशोक अग्रवाल ने बताया कि अगर कैंसर की शुरुआती चरण में ही पहचान हो जाए तो 80 प्रतिशत मरीज स्वस्थ हो सकते हैं। साथा ही उन्हें दोबारा कैंसर जैसी बीमारी होने की संभावना नगण्य हो जाती है। वहीं, कैंसर रोग विशेषज्ञ डा. अर्जुन अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल में अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से उपचार किया जाएगा। यह सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल जरूर होगा लेकिन यहां के चार्ज रोहिलखंड मेडिकल कालेज एवं अस्पताल की तरह ही होंगे।

साथ ही पेट सीटी की भी सुविधा मिल सकेगी जिससे एक ही जांच से शरीर में फैले कैंसर का पता चल सकेगा। अलग-अलग जांच कराने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। आर्थोपेडिक सर्जन डा. वरूण अग्रवाल ने कहा कि कैंसर अस्पताल की सुविधा जल्दी ही लोगों को मिल सकेगी। साथ ही रोहिलखंड मेडिकल कालेज व अस्पताल में कोरोना से पहले की तरह और भी बेहतर ओपीडी सेवाएं शुरू हो चुकी हैं। अस्पताल पूरी तरह कोरोना मुक्त हो चुका है। मरीजों को और भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने का ही निरंतर प्रयास कर रहे हैं।

वसीम बरेलवी ने दी बधाई
भूमि पूजन के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद वसीम बरेलवी ने बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति डा. केशव अग्रवाल, प्रति कुलाधिपति डा. अशोक अग्रवाल, कुलपति डा. लता अग्रवाल और प्रति कुलपति डा. किरन अग्रवाल को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल बरेली जनपद समेत आसपास के जिलों के लोगों के लिए कैंसर जैसी बीमारी के उपचार में मील का पत्थर साबित होगा। इस दौरान उन्होंने कैंसर रोग विशेषज्ञ डा. अर्जुन अग्रवाल व आर्थोपेडिक सर्जन डा. वरूण अग्रवाल को आशीर्वाद भी दिया।

संबंधित समाचार