बरेली: चौपुला चौराहे का ब्लॉक हटा, सवारियों को लेकर मारपीट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। 74 दिनों की फजीहत झेलने के बाद गुरुवार को यातायात पुलिस ने चौपुला चौराहे का ब्लॉक हटा दिया। इससे कार, ऑटो-टेंपो और बाइकों का आवागमन शुरू हो गया लेकिन ब्लॉक हटने के पहले दिन चौपुला चौराहे पर वाहनों के आपस में टकराने की स्थिति बनी तो चौराहे पर जाम लग गया। सवारियां …

अमृत विचार, बरेली। 74 दिनों की फजीहत झेलने के बाद गुरुवार को यातायात पुलिस ने चौपुला चौराहे का ब्लॉक हटा दिया। इससे कार, ऑटो-टेंपो और बाइकों का आवागमन शुरू हो गया लेकिन ब्लॉक हटने के पहले दिन चौपुला चौराहे पर वाहनों के आपस में टकराने की स्थिति बनी तो चौराहे पर जाम लग गया। सवारियां भरने को लेकर ऑटो वालों में मारपीट हो गई। इससे काफी देर तक हंगामा चला। किसी तरह यातायात पुलिस ने स्थिति संभालते हुए ऑटो वालों को खदेड़ा। अभी भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। हालांकि, सुबह से शाम तक ऑटो वालों की वजह से चौराहे पर जाम लगता रहा।

चौपुला चौराहे पर फ्लाईओवर और सीवर लाइन के निर्माण के लिए 75 दिन का ब्लॉक लिया गया था। 30 नवंबर, 2020 से रूट डायवर्जन लागू था। इसके तहत चौपुला चौराहे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगी थी। किला की ओर से आने वाले हल्के वाहनों को पुरानी पुलिस लाइंस तक आने दिया जा रहा था और चौपुला पुल से बदायूं रोड की ओर जाने वाले वाहनों को जाने दे रहे थे। इसी तरह चौकी चौराहे से वाहनों को स्टेशन रोड, मालगोदाम रोड से रेलवे कॉलोनी होते हुए सिटी सब्जी मंडी तक गुजारा जा रहा था।

गुरुवार को ट्रैफिक पुलिस ने चौकी चौराहे और किला दोनों ओर से हल्के वाहनों के लिए रास्ता खोल दिया। चौपुला चौराहे पर किला की ओर से निर्माणाधीन फ्लाईओवर के दोनों तरफ से वाहन आ-जा रहे हैं। इसी तरह नई पुलिस लाइंस की ओर से वाहन भी किला की ओर भेजे जा रहे हैं। मुख्य चौराहे पर वाहनों को मामूली डायवर्जन के साथ गुजारा जा रहा है। पटेल चौक के रास्ते पर भी सिर्फ बाइक सवारों के लिए रास्ता खोला गया है।

ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि भारी वाहनों के प्रवेश पर अभी रोक लागू रहेगी। हल्के वाहनों के प्रवेश से आसपास की कॉलोनियों के लोगों को काफी राहत मिलेगी क्योंकि वे लंबे समय से परेशान थे। यातायात निरीक्षक दिनेश पांडेय ने बताया कि चौपुला चौराहे पर हल्के वाहनों के आवागमन के लिए रास्ता खोल दिया गया है। किला और चौकी चौराहा दोनों ओर से हल्के वाहन गुजर रहे हैं। पटेल चौक की तरफ बाइक के लिए रास्ता खोला गया है। भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक रहेगी।

सवारियों को लेकर होती है खींचतान
चौपुला चौराहा पर फ्लाईओवर बनने से पहले भी ऑटो-टेंपो की वजह से जाम लगता था, क्योंकि सभी चौराहा पर ही खड़े होकर सवारियां भरते थे। अभी फ्लाईओवर का निर्माण चल रहा है, लेकिन रास्ता खोलने की वजह से ऑटो-टेंपो फिर से चौराहा पर आकर खड़े होने लगे। गुरुवार को पहले ही दिन मुख्य चौराहा से ही सवारियां भरने की वजह से जाम लग गया। सबसे ज्यादा दिक्कत उस वक्त हो रही है जब निर्माण कार्य में लगी क्रेन से सामान लेकर जा रही हैं। इसकी वजह से वाहनों को रोकना पड़ता है और जाम लग जाता है।

संबंधित समाचार