अयोध्या: 6 माह से नहीं मिला वेतन, जल निगम संघर्ष समिति ने किया धरना प्रदर्शन
अयोध्या, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश जल निगम कर्मियों ने शुक्रवार को सिविल लाइन स्थित कार्यालय पर कर्मचारियों के लंबित वेतन और पेंशन समेत अन्य मुद्दों को लेकर धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया है। मांगो पर त्वरित कार्रवाई ना होने पर जल निगम संघर्ष समिति ने …
अयोध्या, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश जल निगम कर्मियों ने शुक्रवार को सिविल लाइन स्थित कार्यालय पर कर्मचारियों के लंबित वेतन और पेंशन समेत अन्य मुद्दों को लेकर धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया है। मांगो पर त्वरित कार्रवाई ना होने पर जल निगम संघर्ष समिति ने 16 फरवरी से अनिश्चितकालीन अनशन की चेतावनी दी है।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार हमारी मांगों को अनदेखा कर रही है। हमारी मांग है कि माह सितंबर 2020 से अब तक बकाया 6 माह का वेतन एवं पेंशन का तत्काल भुगतान एवं प्रति माह नियमित रूप से वेतन पेंशन का भुगतान ट्रेजरी से कराया जाए। वर्ष 2018 से बकाया सभी पेंशनरी देयो का तत्काल भुगतान किया जाए और भुखमरी के कगार पर पहुंच चुके मृतक कर्मियों के आश्रित परिवार के सदस्यों की वर्ष 2018 से अवैधानिक रूप से अवरुद्ध अनुकंपा नियुक्ति तत्काल शुरू की जाए।
इंजीनियर संगठन के मंडल अध्यक्ष इंजीनियर चंद्रेश कुमार प्रियदर्शी और जल निगम कर्मचारी महासंघ के प्रांतीय संगठन मंत्री मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि मांगों को लेकर आज धरना देकर जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जा रहा है। सह संयोजक हसन अली ने कहा कि समय से वेतन,पेंशन व अन्य देयकों का भुगतान न होने से जल निगम कर्मी और पेंशनर्स तथा उनका परिवार भुखमरी के कगार पर पहुंच गया है।
सरकार की ओर से तत्काल कार्रवाई ना हुई तो कर्मचारी मजबूर होकर 16 फरवरी से निगम मुख्यालय पर क्रमिक अनशन करेंगे। 23 फरवरी से आमरण अनशन शुरू करने की धमकी दी है। इस अवसर पर संघर्ष समिति के एमके रिजवी, चंद्रेश कुमार प्रियदर्शी,मनोज श्रीवास्तव, महेंद्र राम, गिरीश चंद्रा ,संजीव कुमार, हसन अली, आशीष श्रीवास्तव, विजय श्रीवास्तव ,पी एन ओझा, एनडी सिंह ,सर्वेश श्रीवास्तव समेत अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
