बरेली: राहत के लिए आफत की खुदाई, जाम-पानी की मुसीबत
अमृत विचार, बरेली। सड़कों की खुदाई की वजह से शहर के हाल खराब हैं। जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया है। जिन सड़कों पर खुदाई चल रही है उन पर दिनभर यातायात रेंग रहा है। जाम में फंसकर लोग परेशान हैं। लोग गंतव्य पर समय पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। पेयजल लाइन लीक …
अमृत विचार, बरेली। सड़कों की खुदाई की वजह से शहर के हाल खराब हैं। जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया है। जिन सड़कों पर खुदाई चल रही है उन पर दिनभर यातायात रेंग रहा है। जाम में फंसकर लोग परेशान हैं। लोग गंतव्य पर समय पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। पेयजल लाइन लीक होने से सड़क पर पानी बह रहा है जो और मुश्किलें पैदा कर रहा है।
गांधी उद्यान से चौकी चौराहा, चौपुला चौराहा, बिहारीपुर रोड पर सिंगल रोड पर जाम लगने से निकलना मुश्किल हो गया है। 10 फरवरी से कक्षा छह से आठ तक के स्कूलों के खुलने से छात्र-छात्राएं भी बेतरतीब हो रही खुदाई से फजीहत झेल रहे हैं। कई स्थानों पर स्कूली बच्चों को लेकर जाने वाले टेंपो पलटने का डर बना रहता है। सड़कों की अव्यवस्था दूर करने पर न जल निगम ध्यान दे रहा है और न ही नगर निगम। प्रशासनिक अधिकारी भी अनदेखी कर रहे हैं।
तीन दिन से बिहारीपुर-कुतुबखाना रोड पर मुश्किलों का सफर
तीन दिन से बिहारीपुर-कुतुबखाना रोड के हाल खराब हैं। नगर निगम ने काफी चौड़ा गहरा गड्ढा जेसीबी से खुदवाया लेकिन सीवर लाइन कार्य प्रगति पर होने का बोर्ड लगाकर कार्य पूरा नहीं किया। इससे दिक्कतें बढ़ गई हैं। दो दिन से गड्ढे में पानी भरा हुआ है। नगर निगम सुध नहीं ले रहा है। सड़क पर वाहनों के निकलने के लिए थोड़ी सी जगह बची है।
दोपहिया वाहन सवार तो निकल जा रहे हैं लेकिन टेंपो-ऑटो व कार वालों को निकलने में दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। सामान लेकर जाने वाले ई-रिक्शा व सवारियों लेकर जाने वाले रिक्शा चालक परेशान हैं। धूल उड़ने और दुश्वारियों की वजह से कारोबारियों का कारोबार प्रभावित हो गया है। इधर, नगर निगम के अधिशासी अभियंता निर्माण संजय चौहान का कहना है कि नगर निगम तो कार्य करा नहीं रहा है। जलकल विभाग कार्य करा रहा होगा।

निर्माणाधीन चौपुला पुल के पास फटी पेयजल लाइन, कई घरों में सप्लाई बंद
ब्लॉक खुलने के बाद भी चौपुला चौराहे पर दुश्वारियां कम नहीं हो रही हैं। शनिवार को पुल के पास पेयजल लाइन फट गई। इससे जीजीआईसी के सामने सड़क पर पानी बहने लगा। इससे लोगों को दिक्कत झेलनी पड़ी। पेयजल लाइन फटने से कई घरों में जलापूर्ति बंद हो गई। सूचना पर पहुंचे कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद पेयजल लाइन ठीक की।

प्रभा टॉकिज के पास जाम, फंसे रहे स्कूली बच्चे
चौकी चौराहे से बियावानी कोठी तक सड़क पर दिनभर लोगों को फजीहत झेलनी पड़ रही है। शनिवार को प्रभा टाकिज के पास ऐसा जाम लगा कि उसमें स्कूली बच्चे भी फंस गए। ई-रिक्शा और साइकिल सवार तक जाम से निकल नहीं पाए। यहां पर खुदाई से सड़क पर वन-वे ट्रैफिक दौड़ रहा है। रामपुर गार्डन की तरफ से भी वाहनों का आना-जाना हो रहा है।
तीन तरफ से वाहनों का आना ही जाम का कारण बन रहा है। हालांकि, चौकी चौराहा रोड पर आयकर विभाग के पास से खुदाई वाली सड़क पर भी ट्रैफिक का आवागमन शुरू हो गया लेकिन ऊबड़-खाबड़ सड़क होने की वजह से लोग उधर से कम निकल रहे हैं। वहीं, चौपुला चौराहे पर ब्लॉक खुलने के बावजूद लोगों को राहत नहीं मिल रही। टेंपो व ऑटो के बेतरतीब ढंग से सवारियां भरने और निकलने की वजह से पुल के नीचे दिनभर जाम लगा रहता है।

एक तरफ खुदाई, बगल से दौड़ रहे दोपहिया वाहन
गौतम बुद्ध पार्क के पास से बियावानी कोठी तक सड़क पर खुदाई हो रही है। जल निगम की कार्यदायी संस्था सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़क खोद रही है लेकिन सुरक्षा के इंतजाम नहीं हैं। दोनों तरफ पुलिस कर्मी पहरा दे रहे हैं ताकि खुदाई के दौरान कोई दोपहिया वाहन चालक इस तरफ न आ सके लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है।
पुलिस कर्मियों की लापरवाही से लोग दोपहिया वाहन लेकर खुदाई वाली सड़क पर दौड़ रहे हैं। शनिवार को एक तरफ जेसीबी खुदाई कर रही थी। उसके बगल में जान जोखिम में डालकर दोपहिया वाहन दौड़ रहे हैं। ऐसे में बाइक का पहिया फिसल गया तो बाइक सवार सीधे गड्ढे में आकर गिरेगा।
