अहमदाबाद में भारत-इंग्लैंड मुकाबलों के लिए टिकटों की बिक्री आज से शुरू, मोटेरा स्टेडियम में होगा मैच

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अहमदाबाद। दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम अहमदाबाद के मोटेरा स्थित जीसीए स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले दिन रात के मैच समेत दो टेस्ट मैचों के लिए टिकट की बुकिंग रविवार से शुरू होगी। पुराने स्टेडियम को तोड़ कर नए सिरे से बनाए गए इस भव्य स्टेडियम में छह साल के …

अहमदाबाद। दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम अहमदाबाद के मोटेरा स्थित जीसीए स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले दिन रात के मैच समेत दो टेस्ट मैचों के लिए टिकट की बुकिंग रविवार से शुरू होगी।

पुराने स्टेडियम को तोड़ कर नए सिरे से बनाए गए इस भव्य स्टेडियम में छह साल के अंतराल के बाद कोई अंतर्राष्ट्रीय मैच हो रहा है और इसके नए अवतार में यह पहला ऐसा मुक़ाबला है। यहां भारत -इंग्लैंड के बीच दो टेस्ट मैचों के अलावा पांच टी-20 मैच भी होने वाले हैं।

सीरीज का तीसरा और यहां का पहला टेस्ट मैच 24 फ़रवरी से शुरू होगा। गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार मैचों के लिए स्टेडियम की कुल क्षमता से आधी सीटों के लिए ही टिकट बेचे जायेंगे। इन्हें एसोसिएशन की वेबसाइट के अलावा कुछ अन्य साइट पर भी ऑनलाइन ख़रीदा जा सकेगा।

जीसीए अधिकारियों के मुताबिक चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिए अंतिम दो टेस्ट मैच मोटेरा स्टेडियम में होने वाले हैं। जिसे देखते हुए मोटेरा स्टेडियम में 50 प्रतिशत दर्शकों को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इंग्लैंड की टीम इस स्टेडियम में भारत के खिलाफ दो टेस्ट (जिसमें एक दिन-रात्रि मैच शामिल) और पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी। स्टेडियम में एक लाख दस हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता है।

जीसीए उपाध्यक्ष धनराज नाथवानी ने कहा कि कोविड-19 के बाद श्रृंखला की मेजबानी करना जीसीए के लिये सम्मान की बात है और खेल प्रेमियों के मनोरंजन के लिये सभी सामाजिक दूरी और सुरक्षा नियमों का पालन किया जायेगा।

संबंधित समाचार