वेलेंटाइन डे: दिल-ए-बेताब को आदत है मचल जाने की…

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। सात फरवरी से युवा-युवतियां अपनी मोहब्बत का इजहार करने के लिए वेलेंटाइन डे की बाट निहार रहे थे। किसी शायर की शायरी है कि दिल ए बेताब को आदत है मचल जाने की…। जो रविवार को प्रेमियों के सिर चढ़कर बोली। वेलेंटाइन डे पर युवाओं ने अपने इश्क का इजहार करने के लिए …

मुरादाबाद,अमृत विचार। सात फरवरी से युवा-युवतियां अपनी मोहब्बत का इजहार करने के लिए वेलेंटाइन डे की बाट निहार रहे थे। किसी शायर की शायरी है कि दिल ए बेताब को आदत है मचल जाने की…। जो रविवार को प्रेमियों के सिर चढ़कर बोली। वेलेंटाइन डे पर युवाओं ने अपने इश्क का इजहार करने के लिए जमकर गुलाब के फूलों की खरीदारी की। इससे पूरा महानगर गुलाब की खुशबू से महक उठा। हर जुबान पर बस इश्क के बोल थे। वेलेंटाइन डे यूं तो सभी प्रेमी जोड़ों के लिए खास है, मगर जो हाल ही में प्रेम के बंधन में बंधे हैं, उनके लिए यह दिन बहुत ज्यादा खास था।

सुबह से ही फूलों के साथ ही तरह-तरह के उपहारों की दुकानों पर खरीदारी के लिए युवाओं की भीड़ जुटने लगी थी। लोगों ने अपने संबंधों के आधार पर अलग-अलग रंग के गुलाब खरीदे। इस बार गुलाब की आनलाइन खरीद-बिक्री का सिलसिला जोरों पर रहा। युवाओं के साथ ही हाल ही में सात जन्मों के बंधन में बंधे जोड़ों ने सिनेमा घर, रेस्तरां, माल और पार्क में इश्क-ए-इजहार किया। युवा जोड़ों संग दिन भर प्यार की मस्ती में डूबे रहे। किसी का दिल टूटा तो किसी के प्यार को मंजिल मिल गई। जिनका प्यार परवान चढ़ा उनकी खुशी का तो जैसे कोई ठिकाना ही नहीं रहा।

सोशल मीडिया व्यक्त की भावनाएं
सोशल मीडिया पर भी युवाओं ने जमकर वेलेंटाइन-डे के ग्रीटिंग्स और कोट्स को शेयर किये। ट्विटर से लेकर फेसबुक और व्हाट्सएप पर भी वेलेंटाइन-डे ट्रेंड चलता रहा। जो चाह के भी रू-ब-रू नहीं हो सकता था। उन्होंने सोशल मीडिया का सहारा लिया और अपनी प्रेम की भवनाओं को व्यक्त करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

फूल विक्रेताओं की रही चांदी
गंज गुरहट्टी, प्रकाश नगर चौराहा, मंडी चौक समेत अन्य जगहों पर वेलेंटाइन-डे पर फूल बेचने वालों ने पूरी व्यवस्था कर रखी थी। अपने साथी को गुलाब देकर अपने प्रेम का इजहार करने वालों के लिए फूल विक्रेताओं ने कई तरह फूलों को वेलेंटाइन पर सजाया। प्रेमियों के लिए विक्रेताओं ने 40 रुपये से 400 रुपये तक के गुलदस्तों की रेंज रखी थी। गुलाब और गुलदस्तों को युवाओं ने अपनी सहूलियत के हिसाब से खरीदा।

अपने-अपने अंदाज में किया प्यार का इजहार
कटघर निवासी निखिल वाजपेयी और सुची की शादी वर्ष 2020 में हुई। उनके लिए यह पहला वेलेंटाइन डे था। जिसका दोनों को बेसब्री से इंतजार था। खैर, जैसे ही घड़ी में 12 बजे निखिल ने वेलेंटाइन डे को खास अपने साथी को उनकी पंसदीदा रिंग देकर मनाया।

अखिल और प्रियंका ने वैलेंटाइन डे को यादगार बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी। अखिल ने साथी प्रियंका के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए उनके सपनों के शहर कश्मीर के लिए टिकट की बुकिंग कर उनका दिल जीता।

 

संबंधित समाचार