बरेली: भयंकर आग के बीच हुए तीन धमाके..सहम उठे लोग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार,बरेली। प्रेमनगर में सेक्रेड हार्ट स्कूल में लगी आग ने देखते ही देखते भयंकर रूप ले लिया। आग की उठतीं ऊंची लपटों के बीच हुए तीन धमाकों से आसपास लोगों और दुकानदार के बीच काफी देर तक दहशत फैली रही। डर-सहमे पड़ोसी अपने घरों से बाहर निकल आए। आग और न फैल जाए, इसलिए …

अमृत विचार,बरेली। प्रेमनगर में सेक्रेड हार्ट स्कूल में लगी आग ने देखते ही देखते भयंकर रूप ले लिया। आग की उठतीं ऊंची लपटों के बीच हुए तीन धमाकों से आसपास लोगों और दुकानदार के बीच काफी देर तक दहशत फैली रही। डर-सहमे पड़ोसी अपने घरों से बाहर निकल आए।

आग और न फैल जाए, इसलिए फायर बिग्रेड के पहुंचने से पहले पड़ोसी पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश में जुट गए। बाद में फायर बिग्रेड की कई गाड़ियों को आग पर काबू पाने के लिए करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। फायर बिग्रेड के अधिकारी भी यह समझ नहीं सके कि अचानक इतनी भयंकर आग लगने की वजह क्या रही? हालांकि वे एक बार फिर मंगलवार को दोबारा मौके पर पहुंचकर आग लगने की वजह तलाश करने की बात कह रहे हैं।

सोमवार की शाम करीब आठ बजे शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके प्रेमनगर रोड पर धर्मकांटा के पास सेक्रेड हार्ट स्कूल के ग्राउंड पर खड़ी बसों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने विकराल रूप ले लिया और एक के बाद एक करके दो बसों में आग लग गई।

आग की लपटों ने स्कूल की बिल्डिंग को भी अपने चपेट में ले लिया। स्कूल के ग्राउंड में चार बसें और दो वैन खड़ी हुई थी, जहां अचानक आग लगी थी। आग की लपटें उठती देख आसपास के क्षेत्र में भगदड़ मच गई। आग फैलकर एक बस से दूसरी बस के बाद स्कूल वैन में भी लग गई। फायर बिग्रेड के पहुंचने से पहले आसपास के लोग और शोरूम वालों ने पानी डालना शुरू किया, लेकिन आग की लपटें कम होने के बजाय बढ़ती जा रही थी।

जलती गाड़ियों के टायर और बैटरी फटने से एक-एक करके तीन धमाके हुए, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। इस बीच सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई। फायर ब्रिगेड की 7 गाड़ियों से करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया जा सका, मगर तब तक दो बसें और स्कूल वैन समेत करीब 80 प्रतिशत स्कूल का भवन जल गया था।

शोरूम वाले ने अपनी छत से आग बुझाने का किया प्रयास
सेक्रेड हार्ट स्कूल के पास शोरूम मालिक ने अपने शोरूम में लगे आग बुझाने के यंत्र से आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन उससे पहले आग विकराल रूप ले चुकी थी। बाद में फायर बिग्रेड की कई गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि अगर शोरूम मालिक आग बुझाने का प्रयास नहीं करते तो आग और भी ज्यादा फैल सकती थी। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। वहीं स्कूल में लगे एल्को पैनल में आग से ज्यादा स्थिति और भी ज्यादा भयावह होने की बात कही जा रही है।

रास्ते बंद करने से दोनों तरफ लग गया जाम
आग लगने के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली, किला और इज्जतनगर इंस्पेक्टर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने प्रेमनगर थाने से लेकर धर्मकांटा चौराहे तक रास्ता बंद कर दिया था। जिसके चलते इस रास्ते पर लोगों का आवागमन और ट्रैफिक काफी देर ठप रहा। इससे वहां काफी लंबा जाम लग गया। आग को रौद्र रूप देखकर आसपास के सहमे लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए।

दिन में होता हादसा… तो हो सकती थी बड़ी घटना
गनीमत रही कि स्कूल में शाम के समय में आग लगी। अगर दिन में आग लगने की घटना होती तो स्कूल में पढ़ाई के दौरान मौजूद बच्चों की जान खतरे में पड़ सकती थी। वहीं अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़े नुकसान हो सकता था। बस में आग लगने के बाद पूरी स्कूल में फैलती चली गई। वहीं आग बुझाने के दौरान कई लोग बसों का शीशा टूटने के वजह से मामूली रूप से घायल हो गए। सिविल वार्डन के लोगों ने भी पुलिस और फायर बिग्रेड की आग बुझाने में काफी मदद की।

स्कूल की होगी जांच, आग बुझाने के इंतजाम थे या नहीं
स्कूल में आग लगने के बाद अब फायर बिग्रेड की टीम आग लगने की वजह तलाशने में लगी हुई है। सीएफओ चंद्र मोहन शर्मा ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। अब मंगलवार की सुबह टीम मौके पर जाकर जांच करेगी। उसके बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि स्कूल में आग बुझाने के इंतजाम थे या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि अगर स्कूल में अगर आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम नहीं मिले तो विद्यालय प्रबंधन से जवाब तलब किया जाएगा।

अपना स्कूल जलता देख निकल आए आंसू
शहर का सेक्रेड हार्ट स्कूल धूं-धूं कर जल उठा। भयंकर आग की चपेट में आई स्कूल के भवन से काफी ऊंचाई तक लपटें निकलती रहीं थी। अपनी आंखों के सामने स्कूल को जलता देख स्कूल मालिक व उनके परिवार के लोगों की आंखों से आंसू निकल आए।

संबंधित समाचार