बरेली: 165 निवर्तमान प्रधान नहीं लड़ सकेंगे चुनाव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। इस बार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 165 निवर्तमान प्रधान किस्मत नहीं अजमा पाएंगे। उनके चुनाव लड़ने पर रोक लगाने की तैयारी कर ली गई है। ये वे प्रधान हैं जिनके खिलाफ विभिन्न मामलों में जांचें चल रही हैं। ग्राम पंचायतों में कराए गए विकास कार्यों में गड़बड़ी, प्रधानमंत्री आवास, शौचालय निर्माण, नाली-खड़ंजा …

अमृत विचार, बरेली। इस बार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 165 निवर्तमान प्रधान किस्मत नहीं अजमा पाएंगे। उनके चुनाव लड़ने पर रोक लगाने की तैयारी कर ली गई है। ये वे प्रधान हैं जिनके खिलाफ विभिन्न मामलों में जांचें चल रही हैं। ग्राम पंचायतों में कराए गए विकास कार्यों में गड़बड़ी, प्रधानमंत्री आवास, शौचालय निर्माण, नाली-खड़ंजा समेत अन्य कई ऐसे कार्य हैं जिनमें कार्यकाल रहते इन प्रधानों के खिलाफ गड़बड़ी की शिकायतें की गईं। सभी प्रकरणों में जिला पंचायती राज विभाग जांच करा रहा है। जांचें अभी तक पूरी नहीं हुई हैं। डीपीआरओ धर्मेंद्र के अनुसार, 165 निवर्तमान प्रधानों की कुंडली तैयार कर ली गई है। इनके चुनाव लड़ने पर रोक लगाने के लिए उच्चाधिकारियों को फाइल भेजी जाएगी।

राज्य निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार इन निवर्तमान प्रधानों को चुनाव लड़ने से रोकने की कार्रवाई कराई जा रही है। इसके अलावा जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत के वे सदस्य भी चुनाव नहीं लड़ सकेंगे जिनके खिलाफ जांच चल रही है। निवर्तमान प्रधान क्यारा, भोजीपुरा, बिथरी चैनपुर, बहेड़ी, शेरगढ़, दमखोदा, फरीदपुर, भुता, नवाबगंज, भदपुरा, मीरगंज, फतेहगंज पश्चिमी, आलमपुर जाफराबाद, मझगवां, रामनगर ब्लॉक क्षेत्रों के रहने वाले हैं।

अतिसंवेदनशील और संवेदनशील मतदान स्थलों की बढ़ेगी संख्या
पिछले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जनपद में 525 मतदान केंद्र संवेदनशील, 374 अति संवेदनशील व 184 अति संवेदनशील प्लस और 465 मतदान केंद्र सामान्य थे लेकिन इस बार 35 मतदान केंद्र और 108 मतदान स्थल बढ़ गए हैं। इससे माना जा रहा है कि इतने ही अति संवेदनशील, संवेदनशील मतदेय स्थल और बढ़ जाएंगे। हालांकि, उप जिला निर्वाचन अधिकारी वीके सिंह ने मतदान केंद्रों को अतिसंवेदनशील, अति संवेदनशील प्लस व संवेदनशील घोषित करने से पूर्व जनपद के सभी सीओ और एसडीएम से रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।

जनपद में 1622 मतदान केंद्र और 3879 मतदान स्थल हैं। क्यारा ब्लॉक में 71 मतदान केंद्र, 225 मतदान स्थल, भोजीपुरा में 102 मतदान केंद्र और 263 मतदान स्थल, बिथरी चैनपुर में 120 मतदान केंद्र और 340 मतदान स्थल, बहेड़ी में 137 मतदान केंद्र और 294 मतदान स्थल हैं। शेरगढ़ में 119 मतदान और 279 मतदान स्थल, दमखोदा में 103 मतदान केंद्र और मतदान स्थल 231 हैं। फरीदपुर में 115 मतदान केंद्र और 240 मतदान स्थल, भुता में 116 मतदान केंद्र और 286 मतदान स्थल हैं। नवाबगंज में 133 मतदान केंद्र और मतदान स्थल 335 हैं। भदपुरा में 87 ही मतदान केंद्र, 219 मतदान स्थल, मीरगंज में 94 मतदान केंद्र और 214 मतदान स्थल, फतेहगंज पश्चिमी में 93 मतदान केंद्र और 204 मतदान स्थल, आलमपुर जाफराबाद में 122 मतदान केंद्र और 274 मतदान स्थल, मझगवां में 115 मतदान केंद्र हैं और 287 मतदान स्थल, रामनगर में 95 मतदान केंद्र 188 मतदान स्थल हैं।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष का वोट काटा, निर्वाचन कार्यालय में शिकायत
इस बार ग्राम पंचायतों में बीएलओ ने बड़ी गड़बड़ियां की हैं। कहीं लोगों के वोट काट दिए तो मृतकों के वोट बना दिए। किसी को मृत दर्शाकर वोट काट दिए। प्रतिदिन अधिकारियों के पास ऐसी शिकायतें पहुंच रही हैं। मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी जिला प्रवक्ता राज शर्मा समेत अन्य के साथ त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय पहुंचे और कहा कि बीएलओ ने मेरा वोट काट दिया।

रामनगर ब्लॉक क्षेत्र में उनका वोट है। दो दिन पहले ही वोट कटने की उन्हें जानकारी हुई है। जिलाध्यक्ष ने शिकायत करते हुए कहा कि कई लोगों ने उनसे शिकायत की है कि बीएलओ से साठगांठ कर दलों ने लोगों के बेवजह वोट कटवा दिए हैं। उन्होंने वोट काटने वाले बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वोट बनवाने की मांग की।

चुनाव की रणनीति बनाने को भाजपा की बैठक आज
पंचायत चुनाव में जिला पंचायत सदस्यों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों व प्रधानों के दावेदारों को जिताने के लिए भाजपा ने कमर कस ली है। भाजपा रणनीति बनाने में जुट गई है। इसी कड़ी में बुधवार को भाजपा कार्यालय में अहम बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी और प्रदेश सह संगठन महामंत्री करमवीर सिंह उपस्थित रहेंगे।

संबंधित समाचार