पीलीभीत: गालियां देने के विरोध में दबंग ने की ग्रामीण की लाठियों से पीटकर हत्या
अमृत विचार, बरखेड़ा। गालियां देने का विरोध करने पर एक दबंग ने लाठी से पीट-पीटकर ग्रामीण की हत्या कर दी। गांव के लोगों ने बीच-बचाव का काफी प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। हत्या की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची व शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में गैर इरादतन …
अमृत विचार, बरखेड़ा। गालियां देने का विरोध करने पर एक दबंग ने लाठी से पीट-पीटकर ग्रामीण की हत्या कर दी। गांव के लोगों ने बीच-बचाव का काफी प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। हत्या की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची व शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ बीसलपुर भी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गये।
सीतापुर जिल के थाना सिधौली के गांव गोराबाजपुर निवासी बनवारी लाल का पुत्र राजू (40) ज्योराह कल्याणपुर में फूफा बाबूराम के घर पर रहकर मेहनत मजदूरी करता था। मंगलवार रात पड़ोसी द्वारका प्रसाद उसके फुफेरे भाई से गाली गलौज कर रहा था।
मौके पर खड़े राजू ने इसका विरोध किया। इस पर द्वारका प्रसाद आग बबूला हो गया और घर से लाठी लाकर राजू को मारना शुरू कर दिया। वह उसे बुरी तरह लाठी से पीटता रहा। राजू बुरी तरह घायल हो गया और उसने वहीं पर दम तोड़ दिया। लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उसने राजू को ईंट फेंक कर मारी।
राजू की मौत के बाद गांव में सनसनी फैल गई। काफी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। पास के एक चिकित्सक को बुलाया गया जिसने राजू को मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने राजू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी द्वारका प्रसाद के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
घटना के बाद हमलावर फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि घटना की नामजद तहरीर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद रिपोर्ट की धाराएं बदली जाएंगी। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
