बरेली: कोरोना के बाद अब डेंगू-मलेरिया का बढ़ेगा खतरा, प्रशासन अलर्ट
अमृत विचार, बरेली। कोरोना की वैक्सीन आ गई और मरीज भी कम आने शुरू हो गए हैं लेकिन आने वाले दिनों में डेंगू-मलेरिया का प्रकोप बढ़ेगा। मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद ने इसके बचाव की तैयारियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए हैं। मंडलायुक्त ने बुधवार आयुक्त सभागार में मंडलीय समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि …
अमृत विचार, बरेली। कोरोना की वैक्सीन आ गई और मरीज भी कम आने शुरू हो गए हैं लेकिन आने वाले दिनों में डेंगू-मलेरिया का प्रकोप बढ़ेगा। मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद ने इसके बचाव की तैयारियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए हैं। मंडलायुक्त ने बुधवार आयुक्त सभागार में मंडलीय समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि विकास कार्यों में तेजी लायी जाए और जन कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में और अधिक सूक्ष्मता से कार्य किए जाएं।
बैठक में मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि मच्छरों के प्रकोप से बचाव के लिए सभी स्थानों और विशेषकर गावों के तालाबों में भी गम्बोजिया मछली डलवाएं, ताकि मच्छर जनित बीमारियों पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि कस्बों के तालाबों को पर्यावरण की दृष्टि से अधिक उपयोगी बनाने के लिए सक्रिय प्रयास किए जाएं।
उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर योजनाओं के क्रियान्वयन को सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आयुष्मान योजना के अंतर्गत प्रतिदिन कार्डों को बनाने की संख्या में बढ़ोत्तरी करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम जैसी योजनाओं के सफल संचालन के लिए नियमित अनुश्रवण किया जाए।
मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत चल रहे जागरूकता कार्यक्रमों में स्वास्थ्य सेवाओं पर भी ध्यान दिया जाए। रणवीर प्रसाद ने कहा कि कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों में बरेली मंडल की स्थिति बेहतर है। उन्होंने कहा कि अब स्कूल खुल रहे हैं, इस योजना के लिए वहां से संदेश प्रसारित करवाएं।
उन्होंने खाद्य सुरक्षा, प्रधानमंत्री आवास योजना, आजीविका मिशन, मनरेगा, अमृत, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, मिशन प्रेरणा आदि योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। ऑपरेशन कायाकल्प की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि मंडल में इस योजना के कार्यों में गुणवत्ता को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्हें अवगत कराया गया कि नियमित टीकाकरण और टैगिंग का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने मत्स्य पालन की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों तथा मछुआरा आवास योजना के बारे में भी विस्तार से प्रगति रिपोर्ट प्राप्त की। बैठक में जिलाधिकारी बरेली, नितीश कुमार के अलावा बदायूं और पीलीभीत के जिलाधिकारी तथा मंडल के चारों जिलों के सीडीओ के साथ मंडल स्तर के अधिकारी उपस्थित थे।
चूका में बनेंगे पर्यटकों के लिए आवास
मंडलायुक्त ने कहा कि चूका में पर्यटक आवासों के प्रस्ताव तैयार करने तथा पर्यटकों के लिए अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास करने के लिए भी कहा। उन्होंने कहा कि इसके लिए तत्काल शासन को प्रस्ताव भेजा जाए।
