यूपी: विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले सपा के सदस्यों ने किया प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। विधानमंडल के बजट सत्र की शुरुआत के पहले दिन, बृहस्पतिवार को सुबह विधान मंडल के दोनों सदनों के समाजवादी पार्टी के सदस्य गेट नंबर एक से विधान भवन पहुंचे और उन्होंने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी, विधान परिषद में नेता विपक्षी दल अहमद हसन और समाजवादी …

लखनऊ। विधानमंडल के बजट सत्र की शुरुआत के पहले दिन, बृहस्पतिवार को सुबह विधान मंडल के दोनों सदनों के समाजवादी पार्टी के सदस्य गेट नंबर एक से विधान भवन पहुंचे और उन्होंने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी, विधान परिषद में नेता विपक्षी दल अहमद हसन और समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल की अगुवाई में सदस्यों ने चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के समक्ष धरना देकर सरकार विरोधी नारे लगाए।

सपा सदस्य नारा लगा रहे थे- ‘‘काला क़ानून वापस लो। जबसे भाजपा सरकार आई है- कमर तोड़ महंगाई है। नया कृषि क़ानून वापस लो, वापस लो। महंगा डीज़ल, महंगी बिजली- भाजपा सरकार निकली नक़ली।’’ सपा सदस्यों ने हाथों में तख्तियां भी ले रखी थीं। सपा के विधान परिषद सदस्य रामवृक्ष यादव ने बताया कि कुछ सदस्य ट्रैक्टर से आए जिन्हें गेट पर पुलिस ने रोक दिया।

बसपा के निलंबित सदस्य भी पहुंचे विधानसभा
विधानमंडल के बजट सत्र की शुरुआत के पहले दिन सुबह बहुजन समाज पार्टी के निलंबित सदस्य भी विधान भवन पहुंचे। निलंबित सदस्य हरगोविंद भार्गव ने बताया, ‘‘हम किसान कानूनों और उत्तर प्रदेश की बदहाल क़ानून व्यवस्था के ख़िलाफ़ सदन में आए हैं, हम सरकार के विरोध में खड़े हैं। हमारी पार्टी ने अपनी नीतियों को भाजपा के पक्ष में रखा है लेकिन हम भाजपा के विरोध में हैं।’’ बसपा के निलंबित सदस्य असलम राइनी ने कहा, ‘‘विधानसभा अध्यक्ष से मिलकर हम लोग अलग बैठने की माँग करेंगे।’’

संबंधित समाचार