यूजीसी ने बरेली कॉलेज मारपीट मामले में तलब की रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में दो युवकों की पिटाई का वीडियो वायरल होने के मामले में यूजीसी ने स्वत: संज्ञान लिया है। यूजीसी की एंटी रैगिंग सेल की प्रभारी की ओर से इस मामले में प्राचार्य से जवाब-तलब किया है। यूजीसी ने दिसंबर माह में हुई एलएलबी छात्र से मारपीट के मामले में भी …

बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में दो युवकों की पिटाई का वीडियो वायरल होने के मामले में यूजीसी ने स्वत: संज्ञान लिया है। यूजीसी की एंटी रैगिंग सेल की प्रभारी की ओर से इस मामले में प्राचार्य से जवाब-तलब किया है। यूजीसी ने दिसंबर माह में हुई एलएलबी छात्र से मारपीट के मामले में भी दोबारा जवाब मांगा है। शुक्रवार को कॉलेज में प्रबंधन ने काफी सख्ती की। चीफ प्रॉक्टर वंदना शर्मा ने थाना प्रभारी शितांशु शर्मा व अन्य पुलिसकर्मियों के साथ कॉलेज में निरीक्षण कर छात्रों के आईकार्ड चेक किए। पुलिस चेकिंग देखकर छात्र भागने लगे।

बरेली कॉलेज में दो दिन पहले दो युवकों की पिटाई के दो वीडियो वायरल हुए थे। इसी मामले में यूजीसी ने वीडियो को लिंक करके रिपोर्ट मांगी है। प्राचार्य ने रिपोर्ट तैयार कर ली है और जल्द ही जवाब भी भेजा जाएगा। इसमें पुलिस कार्रवाई और आरोपियों की पहचान का जवाब दिया गया है। इस मामले में चीफ प्रॉक्टर ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी है। मामले में कॉलेज प्रशासन की काफी फजीहत हो रही है।

इसी के चलते शुक्रवार को प्राचार्य डा. अनुराग मोहन अपने कार्यालय के बाहर सड़क पर ही कुर्सी लगाकर बैठ गए। उनके साथ चीफ प्रॉक्टर वंदना शर्मा व अन्य प्रॉक्टर भी मौजूद रहे। प्राचार्य दफ्तर से सामने पूर्वी गेट की तरफ जाने वाला रास्ता तो पहले से ही बंद था। जो रास्ता साइड से खुला था उसे भी बंद कर कर्मचारी बैठा दिए गए और सिर्फ जानने वालों को ही जाने दिया गया। मुख्य द्वार और पूर्वी गेट पर भी प्रॉक्टर्स व कर्मचारियों ने चेकिंग की।

सुबह से ही सख्ती से चेकिंग होने की वजह से कॉलेज में सन्नाटा सा पसरा रहा। दोपहर में चीफ प्रॉक्टर ने बारादरी थाना प्रभारी को कॉलेज में बुलाकर चेकिंग की। एक जगह पर कई छात्र पार्क में बैठे थे। पुलिस ने सभी को बुलाना शुरू किया तो कई भागने लगे। उसके बाद सभी को घेर कर आई कार्ड चेक किए और उन्हें क्लास में जाने की नसीहत दी गई। उसके बाद भी पुलिस की एक गाड़ी मौजूद रही। चीफ प्रॉक्टर ने एक कक्ष में कई छात्र-छात्राओं को बिना कक्षा होने पर पकड़ा तो उन्हें जमकर फटकार लगाई।

एक संगठन के साथ फोटो में दिखे आरोपी
पुलिस ने शुक्रवार को भी चीफ प्रॉक्टर से आरोपी युवकों की पहचान के प्रयास किए। अभी तक की जांच में आया है कि वीडियो में दिख रहे कुछ छात्र एक छात्र संगठन के साथ एक कार्यक्रम में पीछे खड़े दिख रहे हैं। इस मामले में बारादरी थाना प्रभारी ने संगठन के छात्रों को फोन कर उनकी पहचान कराने के लिए कहा है। बताया जा रहा है कि युवकों की पिटाई और अधिक होती लेकिन उसी दौरान एक पूर्व छात्र वहां आ गया जिसके डांटने पर युवक भाग गए। इस युवक पर पहले से ही कई मामले भी दर्ज हैं।

संबंधित समाचार