लखनऊ: लेसा में सांठगांठ से कुछ भी संभव! बिजली विभाग को इस तरह लगाई जा रही लाखों की चपत
अमित कुमार, लखनऊ। उत्तर प्रदेश पॉवर कार्पोरेशन के मध्यांचल के डिस्कॉम के अंतर्गत आने वाले लेसा में आए दिन भ्रष्टाचार के मामले आ रहे हैं। यह सभी भ्रष्टाचार कोई एक नहीं, अभियंता, कर्मचारी, संविदा कर्मी, ठेकेदारों और दलालों की सांठगांठ से हो रहे हैं। इन सभी के साथ मिलकर भ्रष्टाचार करने से विभाग की राजस्व …
अमित कुमार, लखनऊ। उत्तर प्रदेश पॉवर कार्पोरेशन के मध्यांचल के डिस्कॉम के अंतर्गत आने वाले लेसा में आए दिन भ्रष्टाचार के मामले आ रहे हैं। यह सभी भ्रष्टाचार कोई एक नहीं, अभियंता, कर्मचारी, संविदा कर्मी, ठेकेदारों और दलालों की सांठगांठ से हो रहे हैं। इन सभी के साथ मिलकर भ्रष्टाचार करने से विभाग की राजस्व क्षति तो हो ही रही है। साथ में जनता के बीच विभाग की छवि भी खराब हो रही है और लोगों को विश्वास उठ रहा है।
कुछ मामले आज हम आपके सामने लाएंगे, जो साबित करे देंगे कि विभाग में भ्रष्टाचार की कोई सीमा नहीं है। यह उपभोक्ता गोमती विस्तार छोटा भरवारा मधु सिंह हैं। उपभोक्ता की कनेक्शन खाता संख्या ( 8178655942) है। उपभोक्ता के मीटर में करीब 6000 हजार रीडिंग स्टोर रही। अभियंताओं, कर्मचारियों और दलालों में मिलीभगत करके स्टोर रीडिंग मीटर को बदल दिया। उपभोक्ता के यहां नये मीटर को स्थापित कर दिया गया। मीटर के बदले जाने से विभाग को 50 हजार से ज्यादा रुपये की राजस्व क्षति हुई है।
वहीं कौशलपुरी खरगापुर निवासी उपभोक्ता राजेश कुमार प्रसाद के भी मीटर में करीब 9000 हजार की स्टोर रीडिंग रही। उपभोक्ता का कनेक्शन संख्या (7271401000) है। दलालों के माध्यम से इस मीटर को भी बदले जाने की पूरी तैयारी हो गई थी। मीटर को बदला जाता इसके पहले की यह खबर सोशल मीडिया में फैल गई। जिसके बाद से हरकत में आए विभाग के उच्चाधिकारियों ने जांच के आादेश दे दिए। अधिशासी अभियंता चिनहट प्रेमचंद ने बताया कि यह गंभीर मामला है, जांच कराई जा रही है। जो भी दोषी होगा उसे नहीं छोड़ा जाएगा।
बता दें कि इसके पहले भी अमृत विचार के संवाददाता अमित कुमार स्टोर रीडिंग, बकाये पर कनेक्शन जारी करने सहित कई और मामलों को सामने ला चुके हैं। ऐशबाग उपभोक्ता अमित कुमार अग्रवाल, खाता संख्या, (3003100179) के मीटर में करीब 11 हजार स्टोर रीडिंग रही। यहां भी अभियंताओं ने मिलीभगत करके मीटर को बदल दिया। इसके अलावा ऐशबाग खंड के ही उपभोक्ता रेखा श्रीवास्तव खाता संख्या(2866666666) के बकाये पर कनेक्शन जारी कर दिया गया।
रेखा श्रीवास्तव से पहले कनेक्शन पति आरके श्रीवास्तव के नाम रहा। जिसके मीटर में करीब 27 हजार की स्टोर रीडिंग रही और लाखों रुपये का बकाया रहा। इसके बाद भी नियमों को दरकिनार कर कनेक्शन को जारी कर दिया गया। वहीं बताया जा रहा है कि वर्तमान में भी उक्त कनेक्शन पर लाखों रुपये का बकाया है।
बता दें कि उत्तर प्रदेश पॉवर कार्पोरेशन के सभी कंपनियों मध्यांचल, दक्षिणांचल, पूर्वांचल, पश्चिमांचल और केस्को में स्टोर रीडिंग मीटरों के बदले जाने का खेल चरम पर हैं। स्टोर रीडिंग मीटरों के बदले जाने में वितरण(डिस्ट्रीब्यूशन) के साथ मीटर विभाग के भी अभियंताओं और कर्मचारियों का अहम रोल रहता है। यह सभी दलालों और संविदा कर्मियों के माध्यम से पहले तो स्टोर रीडिंग के उपभोक्ताओं की तलाश करवाते हैं, इसके बाद उनके यहां छापा मारकर (उपभोक्ता को गिरफ्त में लेने के बाद) मीटर को बदल दिया जाता है।
दोषियों को नहीं छोड़ा जाएगा, गलत काम करने वालों पर कार्रवाई होगी, स्टोर रीडिंग मीटर को बदलना विभाग को क्षति पहुंचाना है। मामला संज्ञान में आया है, कार्रवाई होगी। स्टोर रीडिंग मीटर के पैसे उपभोक्ता से जमा कराए जाएंगे। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी -सीवीएस गौतम मुख्य अभियंता ट्रांस गोमती
गलत काम करने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा, यदि गलत हुआ है तो दोषियों पर कार्रवाई होगी। मामले की जांच कराई जाएगी – प्रदीप कक्कड़ निर्देशक कार्मिक, प्रशासन मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड
