मुरादाबाद: चार हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर की लाखों की लूट
मुरादाबाद। नागफनी थाना क्षेत्र में शनिवार रात करीब दस बजे एक घर में घुसकर बदमाशों ने हथियारों के बल पर लूटपाट कर दी। बच्चे के ऊपर चाकू अड़ाकर बदमाश दो लाख की नकदी और करीब तीन लाख रुपये के गहने लूट ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पीड़ित …
मुरादाबाद। नागफनी थाना क्षेत्र में शनिवार रात करीब दस बजे एक घर में घुसकर बदमाशों ने हथियारों के बल पर लूटपाट कर दी। बच्चे के ऊपर चाकू अड़ाकर बदमाश दो लाख की नकदी और करीब तीन लाख रुपये के गहने लूट ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार के अनुसार 26 फरवरी को उनके घर में शादी थी इसलिए नकदी और जेवर रखे गए थे।
थाना नागफनी के दीवान का बाजार इलाके में मोतीबाग इलाके का रहने वाला तसलीम छोले-पूड़ी का ठेला लगाता है। परिवार में पत्नी शबाना परवीन, दो बेटी ओर एक बेटा हैं। तसलीम के अनुसार उनकी बड़ी बेटी तसलीमा नानी के घर पर सोती है। शनिवार रात तसीलम बेटी को छो़ड़ने उसके नानी के घर गया था। घर में पत्नी शबाना परवीन अपने छह साल के बेटे अलमाद और सात वर्षीय छोटी बेटी जेबानूर के साथ घर में अकेली थी।
शबाना परवीन के अनुसार वह कमरे में लेटी थी जबकि बेटा और बेटी टीवी देख रहे थे। आरोप है कि उसी दौरान चार बदमाश घर के अंदर घुस गए। चारों ने नकाब लगा रखे थे और हथियार लिए हुए थे। एक बदमाश ने उसके बेटे के गले पर चाकू लगा दिया। घर वालों को डरा धमका कर लूट करने के बाद बदमाश वहां से फरार हो गए। पीड़ित परिवार के अनुसार बदमाश दो लाख रुपये की नकदी और करीब तीन लाख रुपये कीमत के जेवर लूट कर ले गए हैं। जब पति लौटकर आया तब वारदात का पता चला।
आनन-फानन में उसने कॉल करके पुलिस को सूचना दी। थोड़ी देर में एसएचओ नागफनी सुनील कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पीड़ित परिवार के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। हालांकि देर रात तक बदमाशों का कुछ पता नहीं चल सका। पुलिस पड़ताल में जुटी रही।
