कोयला घोटाला: सीबीआई के समन पर रुजिरा बनर्जी का जवाब, आ सकते हैं मेरे आवास पर
कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी की पत्नी रुजिरा बनर्जी ने सोमवार को सीबीआई के समन का जवाब देते हुए कहा कि कथित कोयला चोरी घोटाले में पूछताछ के लिए केन्द्रीय एजेंसी अपना एक दल मंगलवार को उनके घर पर भेजे। सीबीआई ने रविवार को जांच में शामिल होने के लिए रुजिरा को समन …
कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी की पत्नी रुजिरा बनर्जी ने सोमवार को सीबीआई के समन का जवाब देते हुए कहा कि कथित कोयला चोरी घोटाले में पूछताछ के लिए केन्द्रीय एजेंसी अपना एक दल मंगलवार को उनके घर पर भेजे।
सीबीआई ने रविवार को जांच में शामिल होने के लिए रुजिरा को समन भेजा था। केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो की एक टीम रविवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे एवं तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी की पत्नी रुजिरा को कथित कोयला चोरी मामले की जांच में शामिल होने के लिए नोटिस देने कोलकाता स्थित घर गई थी। रुजिरा घर पर मौजूद नहीं थीं।
रुजिरा ने सोमवार को समन का जवाब देते हुए सीबीआई से मंगलवार को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे के बीच अपने आवास पर आने को कहा। उन्होंने सीबीआई को लिखे एक पत्र में कहा, ‘‘ हालाकि मैं इस कारण से अनभिज्ञ हूं कि मुझे पूछताछ के लिए क्यों बुलाया जा रहा है या जांच का विषय क्या है, आप अपनी सुविधानुसार कल 23 फरवरी 2021 को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न दोपहर तीन बजे के बीच मेरे आवास पर आ सकते हैं।’’ उन्होंने कहा,‘‘ आप कब आएंगे कृपया इसकी जानकारी मुझे दे दें।’’
सीबीआई ने कोयला चोरी मामले में अभिषेक बनर्जी की रिश्तेदार मेनका से की पूछताछ
सीबीआई की एक टीम कोयला चोरी मामले में पूछताछ के लिए मंगलवार को तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी की पत्नी की बहन मेनका गंभीर के कोलकाता स्थित आवास पहुंची। अधिकारियों ने बताया कि मेनका को रविवार को नोटिस दिया गया था, जिसके बाद सीबीआई की दो महिला अधिकारी उनके आवास पर पूछताछ कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि मेनका अभिषेक की पत्नी रुजिरा बनर्जी की बहन हैं। बनर्जी ने सीबीआई को एक दिन पहले बताया था कि वह 23 फरवरी को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक हरीश मुखर्जी मार्ग पर स्थित अपने आवास पर मामले के संबंध में पूछताछ के लिए उपलब्ध रहेंगी। डायमंड हार्बर से तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे हैं।
केंद्रीय जांच एजेंसी ने गत नवंबर में चोरी रैकेट के कथित सरगना मांझी उर्फ लाला, ईस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड (ईसीएल) के महाप्रबंधकों-अमित कुमार धर (तत्कालीन कुनुस्तोरिया क्षेत्र और अब पांडवेश्वर क्षेत्र) तथा जयेश चंद्र राय (काजोर क्षेत्र) , ईसीएल के सुरक्षा प्रमुख तन्मय दास, क्षेत्र सुरक्षा निरीक्षक, कुनुस्तोरिया, धनंजय राय और एसएसआई एवं काजोर क्षेत्र के सुरक्षा प्रभारी देबाशीष मुखर्जी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। आरोप है कि मांझी उर्फ लाला कुनुस्तोरिया और काजोर क्षेत्रों में ईसीएल की पट्टे पर दी गईं खदानों से कोयले के अवैध खनन और चोरी में लिप्त है।
