बरेली: संक्रमण दर बढ़ने की आशंका, टोल प्लाजा पर कोरोना की जांच शुरू
अमृत विचार, बरेली। महाराष्ट्र समेत अन्य राज्यों में बढ़ता कोरोना संक्रमण जिले में आने से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एक बार पुन: फतेहगंज पश्चिमी टोल प्लाजा पर सैंपलिंग की शुरुआत की। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार कोरोना की दूसरी लहर के खतरे को देखते हुए टोल प्लाजा पर सैंपलिंग करने की कवायद …
अमृत विचार, बरेली। महाराष्ट्र समेत अन्य राज्यों में बढ़ता कोरोना संक्रमण जिले में आने से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एक बार पुन: फतेहगंज पश्चिमी टोल प्लाजा पर सैंपलिंग की शुरुआत की। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार कोरोना की दूसरी लहर के खतरे को देखते हुए टोल प्लाजा पर सैंपलिंग करने की कवायद से सकारात्मक परिणाम सामने आए। जिसके बाद पुन: उसी उदेद्श्य के साथ स्वास्थ्य विभाग ने सैंपलिंग शुरू की है।
बुधवार को फतेहगंज पश्चिमी स्थित टोल प्लाजा पर 120 लोगों की आरटीपीसीआर एवं 100 एंटीजन से कोरोना की जांच की गई। जिसमें जांच में कोई संक्रमित नही निकला है। कोरोना संक्रमण भले ही काबू में आ रहा है लेकिन कई राज्यों में वायरस ने तीसरे चरण में हमला बोला है। ऐसे में शासन ने सभी जिलों के स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन को अलर्ट भेजा है।
निर्देश दिया गया है कि गंभीर रूप से बीमार मरीजों का कोरोना टेस्ट जरूर कराया जाए। लक्षण वाले मरीजों की एंटीजन जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उनका आरटीपीसीआर सैंपल लिया जाए। समय-समय पर स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षित किया जाए। जिससे आपात स्थिति में कोविड अस्पतालों में स्टाफ की कमी न पड़े।
कोरोना से बचाव के इंतजाम का प्रचार-प्रसार किया जाए। सरकारी और निजी चिकित्सा क्षेत्र में स्वास्थ्यकर्मियों की सूची तैयार की जाए। जिससे उनको वैक्सीन लगाई जा सके। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एसके गर्ग ने बताया कि कोरोनासंक्रमण काफी कम हो रहा है पर किसी स्तर पर ढिलाई नहीं की जा रही है। रोजाना सैंपलिंग बढ़ाने का निर्देश दिया गया है।
