बरेली: परीक्षा से पहले प्रवेश का आखिरी मौका, 1 हजार रुपये का विलंब शुल्क होगा चुकाना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय 2021 में मार्च महीने से परीक्षाओं का आयोजन करा सकता है। अप्रैल और मई में मुख्य परीक्षाएं भी आयोजित होंगी। सेमेस्टर और मुख्य परीक्षा के फार्म भरे जा रहे हैं। परीक्षा से पहले विश्वविद्यालय ने उन छात्रों को प्रवेश का एक और मौका दिया है जिन्होंने प्रवेश के लिए …

बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय 2021 में मार्च महीने से परीक्षाओं का आयोजन करा सकता है। अप्रैल और मई में मुख्य परीक्षाएं भी आयोजित होंगी। सेमेस्टर और मुख्य परीक्षा के फार्म भरे जा रहे हैं। परीक्षा से पहले विश्वविद्यालय ने उन छात्रों को प्रवेश का एक और मौका दिया है जिन्होंने प्रवेश के लिए महाविद्यालयों में पंजीकरण तो करा रखा था लेकिन तकनीकी कारणों से उनका नहीं हो सका था। हालांकि ऐसे छात्रों को एक हजार रुपये का विलंब शुल्क जमा करना होगा। 25 फरवरी से 2 मार्च तक फार्म और शुल्क जमा किया जाएगा।

10 फरवरी से सेमेस्टर पाठ्यक्रमों के परीक्षा फार्म भरे जा रहे हैं। परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि 22 फरवरी को 28 फरवरी तक बढ़ा दिया गया था। 20 फरवरी से मुख्य परीक्षा के फार्म भी भरे जा रहे हैं। मुख्य परीक्षा के फार्म 20 मार्च तक भरे जाएंगे। मुख्य परीक्षा फार्म भरे जाने के बाद से छात्र प्राइवेट परीक्षा फार्म खोलने की भी मांग कर रहे थे। सेमेस्टर और मुख्य परीक्षा दोनों को मिलाकर अब तक 66 हजार से अधिक फार्म भरे जा चुके हैं। 31 मार्च तक प्राइवेट फार्म भरे जाने की अंतिम तिथि है।

छात्रों की मांग पर तिथि को कुछ बढ़ाया जा सकता है। उसके बाद अप्रैल के अंतिम सप्ताह से मुख्य परीक्षाएं शुरू हो सकती हैं। उससे पहले मार्च में ही प्रयोगात्मक परीक्षाओं के साथ सेमेस्टर परीक्षाएं भी शुरू हो जाएंगी। कई छात्र ऐसे थे जिन्होंने स्नातक व स्नात्कोत्तर में प्रवेश के लिए आवेदन तो किया था। उन्होंने ऑनलाइन फीस भी जमा कर दी थी लेकिन उनका प्रवेश नहीं हो सका था।

ऐसे छात्र लगातार परेशान थे, कि प्रवेश पूरा न होने पर वह कैसे परीक्षा देंगे। ऐसे छात्रों के लिए विश्वविद्यालय के द्वारा 13 जनवरी को प्रवेश शिविर का भी आयोजन किया था। इसके बावजूद कई छात्रों का प्रवेश नहीं हो सका। महाविद्यालयों व छात्रों के अनुरोध पर विश्वविद्यालय ने सभी महाविद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि वह अपने महाविद्यालयों के पंजीकृत छात्रों की सूची कंट्रोल रूम में उपलब्ध करा दें। इसके अलावा एक हजार रुपये का विलंब शुल्क भी जमा करा दें।

फार्म भरने में आ रहीं दिक्कतें
विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर एक साथ सेमेस्टर और मुख्य परीक्षा फार्म भरने से छात्रों को दिक्कतें हो रही हैं। तकनीकि दिक्कतों की वजह से फार्म और शुल्क जमा होने के बाद भी इरर आ रहा है। कई छात्रों ने इसकी शिकायत विश्वविद्यालय प्रशासन से की है। आने वाले दिनों में प्राइवेट फार्म भी भरे जाएंगे जिससे दिक्कत बढ़ सकती है।

संबंधित समाचार