मुरादाबाद : एमआईटी के छात्र ने किया एप डिजाइन, अब एक क्लिक पर फसल बेचना-खरीदना होगा आसान
मुरादाबाद, अमृत विचार। वर्तमान में किसानों के सामने सबसे बड़ी समस्या फसल को सही दामों में बेचने की है। उल्लेखनीय है कि मंडी में मोल-भाव के दौरान कई बिचौलिये खरीदारी और बिक्री का हिस्सा बन रहे हैं। इससे जहां ग्राहकों को उसके लिए अतिरिक्त दाम अदा करने पड़ते हैं, वहीं किसानों को अपनी ही फसल …
मुरादाबाद, अमृत विचार। वर्तमान में किसानों के सामने सबसे बड़ी समस्या फसल को सही दामों में बेचने की है। उल्लेखनीय है कि मंडी में मोल-भाव के दौरान कई बिचौलिये खरीदारी और बिक्री का हिस्सा बन रहे हैं। इससे जहां ग्राहकों को उसके लिए अतिरिक्त दाम अदा करने पड़ते हैं, वहीं किसानों को अपनी ही फसल की उतनी कीमत नहीं मिल पाती, जितनी उसकी लागत है। इसी समस्या को देखकर एमआईटी के छात्र ने एप डिजाइन कर समस्या का हल कर दिया है। इस एप के माध्यम से फसल को एक क्लिक में खरीदा और बेचा जा सकेगा।
सिद्धांत कौशिक एमआईटी में बीटेक कंप्यूटर सांइस के द्वितीय वर्ष (तृतीय सेमेस्टर) के छात्र हैं। उन्होंने देशमंडी डाट काम के नाम से एप डिजाइन किया है, जिससे किसानों को फसल बेचने के साथ ही खरीदार के लिए भी राहत मिलेगी। इससे जहां किसान अपनी फसल की कीमत तय कर सकेगा, वहीं ग्राहक भी सही दामों में गेंहू, चना, चावल आदि फसल की खरीदारी आसानी से कर सकेगा।
ऐसे प्रयोग में आएगा एप
सिद्धांत ने बताया कि जब कोई खरीदार एप खोलेगा और अपना लोकेशन डालेगा तो उसे आस-पास मौजूद किसानों की जानकारी मिल जाएगी। वहां अगर सौदा पसंद आया तो एक क्लिक में किसान के पास खरीदार का प्रस्ताव पहुंच जाएगा। उस संदेश में खरीदार का नाम, पता और नंबर लिखा होगा। इसके माध्यम से वह खरीदार से आसानी से सीधे तौर पर जुड़ सकेगा।
एक महीने में डिजाइन किया एप
वह बताते हैं कि इसे डिजाइन करने में एक महीने का वक्त लगा। इसे बनाने में जावा स्क्रिप्ट, नोड, इजीएस और सीएसएस टेक्नोलाजी का प्रयोग किया है। बताते हैं कि वह भविष्य में आईओटी (इंटरनेट ऑफ थिंक्स) में करियर बनाना चाहते हैं, जिसमें तरह-तरह के रोबोट बनाएंगे, जो व्यक्ति के हर कार्य को आसान कर सकेगा। उन्होंने बताया कि उन्हें विभिन्न साफ्टवेयर का प्रयोग कर प्रोजेक्ट बनाने का शौक है।
