अमेठी: गोशाला में मृत मिला बछड़ा, देखरेख करने वालों ने कहा- दो दिन से नहीं मिला पशुओं को खाना
जायस/अमेठी, अमृत विचार। बहादुरपुर ब्लाक के तेंदुआ स्थित गोशाला में एक बछड़ा मर गया। गोशाला की देखभाल करने वाले संगीता, श्रवण, केशपति ने इसकी सूचना सहायक खंड विकास अधिकारी संजय राय व ग्राम विकास अधिकारी अंजना यादव को दी। लेकिन दोपहर बाद तक जिम्मेदार गोशाला नहीं पहुंचे। तब किसी ने इसकी शिकायत एसडीएम तिलोई से …
जायस/अमेठी, अमृत विचार। बहादुरपुर ब्लाक के तेंदुआ स्थित गोशाला में एक बछड़ा मर गया। गोशाला की देखभाल करने वाले संगीता, श्रवण, केशपति ने इसकी सूचना सहायक खंड विकास अधिकारी संजय राय व ग्राम विकास अधिकारी अंजना यादव को दी। लेकिन दोपहर बाद तक जिम्मेदार गोशाला नहीं पहुंचे। तब किसी ने इसकी शिकायत एसडीएम तिलोई से कर दी।
एसडीएम ने ब्लाक बहादुरपुर के बीडीओ एसवी को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। लेकिन ब्लाक के सहायक एसवी संजय राय शाम को गोशाला पहुंचे और पशु चिकित्सा अधिकारी बहादुरपुर डा. राजेश कुमार को बछड़े की मृत्यु की जानकारी दी।
सूचना पाते ही पशु चिकित्सा अधिकारी गोशाला पहुंचे और शव को पीएम के लिए कब्जे में ले लिया। गौशाला की देखभाल करने वाले संगीता, श्रृवण, केशपति ने बताया कि यहां तेंदुआ के गौशाला में 31 जानवर हैं। जिनके खाने का राशन दो दिनों से समाप्त है। यहां 31 जानवरों को खाने के लिए एक दिन में 5 किलो कना मिलता है।
राशन समाप्त होने की सूचना ग्राम विकास अधिकारी अंजना यादव को दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि गोशाला में एक सप्ताह से बल्ब फ्यूज होने के कारण लाइट भी नहीं आ रही है। बीडीओ बहादुरपुर राजेश शर्मा ने बताया कि बछड़े की मृत्यु की जानकारी मिली है मौके पर सहायक खंड विकास अधिकारी व ग्राम विकास अधिकारी को भेजा गया है। मृत पशु का पीएम होगा, पीएम रिपोर्ट आने पर ही कुछ आगे निर्णय लिया जाएगा।
