बरेली: केंद्रीय मंत्री समेत कई को मिला आरएमए एक्सीलेंस एवार्ड
अमृत विचार, बरेली। रुहेलखंड मैनेजमेंट एसोसिएशन के 15वें राष्ट्रीय मैनेजमेंट दिवस के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को आरएमए एक्सीलेंस एवार्ड प्रदान किए गए। सिविल लाइंस स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री संतोष कुमार गंगवार, आरएमए के अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, …
अमृत विचार, बरेली। रुहेलखंड मैनेजमेंट एसोसिएशन के 15वें राष्ट्रीय मैनेजमेंट दिवस के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को आरएमए एक्सीलेंस एवार्ड प्रदान किए गए।
सिविल लाइंस स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री संतोष कुमार गंगवार, आरएमए के अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, बीएल एग्रो इंडस्ट्रीज के चेयरमैन घनश्याम खंडेलवाल, आरएमए के उपाध्यक्ष डॉ. विनय खंडेलवाल, राजेश गुप्ता, सचिव कदीर अहमद, प्रोग्राम निदेशक डॉ. नीरज सक्सेना ने दीप प्रज्वलित करके किया। कार्यक्रम में पब्लिक लीडरशिप के लिए केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री संतोष गंगवार, तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली वीना माथुर (मरणोपरांत), आरबीएमआई ग्रुप इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट के लिए केसर इंटरप्राइजेज के प्रेसीडेंट शरत मिश्रा, इंटरप्रिन्योरशिप डेवलपमेंट के लिए रामा श्यामा पेपर मिल्स के दिनेश गोयल को आरएमए एक्सीलेंस एवार्ड से सम्मानित किया गया।
केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने कहा कि आरएमए के इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन युवाओं के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। केंद्र सरकार के द्वारा किए जा रहे श्रम सुधारों के विषय में भी केंद्रीय मंत्री ने जानकारी दी। कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों में भाग लेने वाले युवा प्रबंधन के गुण सीखने के साथ उद्यमिता के लिए भी अग्रसर रहते हैं।
समारोह में संस्था के अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा ने इन पुरस्कारों की जानकारी दी। उन्होंने उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए आरएमए एवं आईआईएम काशीपुर के साथ हुए करार के विषय की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रुहेलखंड में स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए आरएमए इन्क्यूवेशन सेंटर की भी स्थापना की है।
शहर के प्रमुख शिक्षण संस्थान केसीएमटी, आरबीएमआई, फ्यूचर इंस्टीट्यूट एवं एसआरएमएस को उनके द्वारा आरएमए वीक मनाने में विशेष सहयोग करने के लिए प्रशस्ति पत्र दिए गए। स्वागत भाषण डॉ. विनय खंडेलवाल और धन्यवाद डॉ. एनएल शर्मा ने दिया। अतिथियों को स्मृति चिन्ह डॉ. मनीष शर्मा ने दिए।
पुरस्कारों के विषय में जानकारी राजेश गुप्ता ने दी और संचालन नीरज सक्सेना ने किया। इस अवसर पर एसके सिंह, आदित्य मूर्ति, मुकेश गुप्ता, संभव शील, आशुतोष शर्मा, अखिलेश माथुर, डॉ. निखिल अग्रवाल, आशीष गुप्ता आदि मौजूद रहे।
