शर्मनाक! पीड़ित से बोले सिपाही, अगर परेशान हो तो आत्महत्या कर लो…
मुरादाबाद,अमृत विचार। फरियादी को न्याय दिलाने की बजाए पुलिसकर्मी उल्टा उसे धमका रहे हैं। कटघर थाने में शिकायत लेकर पहुंचे पीड़ित के साथ पुलिसकर्मियों ने कुछ ऐसा ही र्दुव्यवहार किया। मकान पर सगी बहनों द्वारा कब्जा करने की शिकायत लेकर पहुंचे युवक को पुलिस कर्मियों ने धमकाया। यहां तक कह दिया कि अगर परेशान हो …
मुरादाबाद,अमृत विचार। फरियादी को न्याय दिलाने की बजाए पुलिसकर्मी उल्टा उसे धमका रहे हैं। कटघर थाने में शिकायत लेकर पहुंचे पीड़ित के साथ पुलिसकर्मियों ने कुछ ऐसा ही र्दुव्यवहार किया। मकान पर सगी बहनों द्वारा कब्जा करने की शिकायत लेकर पहुंचे युवक को पुलिस कर्मियों ने धमकाया। यहां तक कह दिया कि अगर परेशान हो तो आत्महत्या कर लो। बाद में दोबारा शिकायत करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर थाने से भगा दिया।
पीड़ित ने एसएसपी को शिकायती प्रार्थना पत्र देने के साथ ही सीएम पोर्टल में इसकी शिकायत दर्ज कराई है।
फरियादी कटघर थाना क्षेत्र के लाजपतनगर का रहने वाला मोहम्मद रुबैद है। उसका कहना है कि लाजपतनगर में उसका पैतृक मकान है। जो मां और पिताजी के नाम है। रुबैद के अनुसार उसकी मां का देहांत हो चुका है। उसकी तीन बहनें हैं, मां का देहांत होने के बाद बहनों ने अपने पतियों के साथ मिलकर मकान पर कब्जा कर लिया। इसकी जानकारी होने पर जब वह पत्नी के साथ अपने मकान पर गया तो बहनों ने उसके साथ अभद्रता की।
बहनें आए दिन उसे परेशान करके मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही है। रुबैद के अनुसार काफी समझाने के बाद भी जब बहनें नहीं मानी तो उसने कटघर थाने में तहरीर दे दी। तहरीर के बाद उसके मोबाइल पर पुलिस वालों का फोन आया और जांच करने की बात कहकर उसे चौकी बुलाया।
रुबैद के अनुसार जब वह चौकी पहुंचा तो वहां पर मौजूद दो पुलिस कर्मियों ने उसके साथ अभद्रता की। शिकायत वापस लेने की दबाव डाला, आरोप है कि इंकार करने पर पुलिस वालों ने यह कहकर उसे धमकाया कि अगर परेशान है तो आत्महत्या कर ले। साथ ही दोबारा शिकायत करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर भगा दिया।
