बरेली: कहीं टूटी पाइप लाइन तो कहीं पत्थर डालकर बराबर की सड़क

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। सीवर लाइन की खुदाई की वजह से लोगों की दिक्कतें कम नहीं हो रही हैं। खुदाई की वजह से कभी पाइप लाइन तो कभी मोबाइल नेटवर्क की लाइन क्षतिग्रस्त हो जा रही है। रविवार को गांधी उद्यान के आगे पाइप लाइन फटने से सीवर लाइन के लिए खोदे गए गड्ढे में पानी …

अमृत विचार, बरेली। सीवर लाइन की खुदाई की वजह से लोगों की दिक्कतें कम नहीं हो रही हैं। खुदाई की वजह से कभी पाइप लाइन तो कभी मोबाइल नेटवर्क की लाइन क्षतिग्रस्त हो जा रही है। रविवार को गांधी उद्यान के आगे पाइप लाइन फटने से सीवर लाइन के लिए खोदे गए गड्ढे में पानी भर गया। दूसरी ओर चौकी चौराहे से आगे पत्थर डालकर सड़क को बराबर किया जा रहा है।

सड़क बराबर होने से दूसरी तरफ भी वाहन गुजर सकते हैं क्योंकि एक तरफ से वाहन गुजरने पर जाम लग रहा है। गांधी उद्यान से बियावानी कोठी तक भी सीवर लाइन पड़ चुकी है लेकिन अभी सड़क को बराबर नहीं किया गया है। कालीबाड़ी में भी इसी तरह से सड़क को बराबर कर वाहन गुजारने शुरू कर दिए गए हैं।

पटेल चौक से चौपुला चौराहे तक भी सड़क पत्थर डालकर बराबर की गई थी लेकिन उस पर वाहन नहीं गुजर रहे हैं। दुकानदारों ने वहां पार्किंग बनाकर वाहन खड़ा करना शुरू कर दिया है। सीवर लाइन की खुदाई की वजह से शहर में धूल उड़ रही है। तेज हवाओं की वजह से काफी दिक्कतें हो रही हैं। प्रदूषण का स्तर भी बढ़ता जा रहा है। धूल को उड़ने से रोकने के लिए पानी का छिड़काव किया जा रहा है लेकिन सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है। बरेली कॉलेज के सामने खुदाई की वजह से रोजाना दिक्कत हो रही है। वाहन चालक भी किसी तरह से निकलने के चक्कर में अपनी जान खतरे में डाल रहे हैं।

घोड़ा बटालियन वाले रास्ते को लेकर अभी नहीं हुई बात
सेटेलाइट से बियावानी कोठी तक घोड़ा बटालियन के रास्ते को आगे खोलने को लेकर अभी पुलिस अधिकारियों की सेना के अधिकारियों से बात नहीं हो सकी है। रविवार को निर्धारित समय के तहत 10 दिन पूरे हो रहे हैं। एसपी ट्रैफिक राम मोहन सिंह ने बताया कि रविवार होने की वजह से वार्ता नहीं हो पाई है।

सोमवार को सेना के अधिकारियों से बात करके इसे कुछ अधिक दिनों तक खोलने के लिए कहा जाएगा ताकि श्यामगंज वाले रास्ते पर जाम न लगे। घोड़ा बटालियन के रास्ते को 18 फरवरी को रात 8 बजे से खोल दिया गया था। इस रास्ते के खुलने की वजह से श्यामगंज के रास्ते पर ज्यादा जाम नहीं लग रहा है।

बियावानी कोठी से ईसाईयों की पुलिया तक सीवर लाइन पड़ने में अभी काफी वक्त लगेगा। बियावानी कोठी की तरफ से वाहन मालियों की पुलिया होकर सेटेलाइट जा रहे हैं। मालियों की पुलिया पर सड़क टूटी होने की वजह से वाहनों की रफ्तार थम रही है और रोजाना जाम लग रहा है।

पुलिस ने दिखाई सख्ती
घोड़ा बटालियन से बियावानी होकर वाहन चालक सीधे रास्ते से गांधी उद्यान जाने का प्रयास करते हैं जबकि दूसरी तरफ से ही वाहन आ सकते हैं। गलत दिशा में वाहन जाने से जाम लगता है। शनिवार को एसपी ट्रैफिक की गाड़ी भी जाम में फंस गई थी। इस पर एसपी ट्रैफिक ने चौराहा पर तैनात पुलिसकर्मियों को नाराजगी जाहिर कर सही से ड्यूटी करने के लिए कहा था।

रविवार को ट्रैफिक पुलिस ने यहां काफी सख्ती की। धूप में खड़े पुलिसकर्मी वाहनों को डायवर्ट करते रहे लेकिन इसके बावजूद कई बाइक सवार अचानक से गलत दिशा में निकल जा रहे थे।

संबंधित समाचार