बरेली: चौपुला ओवरब्रिज से मढ़ीनाथ पुल पर जाने वालों को होगी दिक्कत
अमृत विचार, बरेली। चौपुला पर फ्लाईओवर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। सिटी सब्जी मंडी की तरफ से फ्लाईओवर बन चुका है। अभी से ही मढ़ीनाथ फ्लाईओवर पर जाने वाले वाहन चालकों को दिक्कतें होने लगी हैं। फ्लाईओवर बनने के बाद वाहनों की संख्या बढ़ेगी और भारी वाहन भी गुजरेंगे। ऐसे में मढ़ीनाथ …
अमृत विचार, बरेली। चौपुला पर फ्लाईओवर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। सिटी सब्जी मंडी की तरफ से फ्लाईओवर बन चुका है। अभी से ही मढ़ीनाथ फ्लाईओवर पर जाने वाले वाहन चालकों को दिक्कतें होने लगी हैं। फ्लाईओवर बनने के बाद वाहनों की संख्या बढ़ेगी और भारी वाहन भी गुजरेंगे। ऐसे में मढ़ीनाथ फ्लाईओवर पर चढ़ने के लिए वाहनों को गलत दिशा में जाना होगा। वाहनों को डायवर्ट करके भी गुजारा गया तो उतरने वाले वाहनों को दिक्कत होगी और जाम भी लग सकता है।
चौपुला चौराहे पर पहले से एक फ्लाईओवर बना हुआ है। पुरानी पुलिस लाइंस के सामने से बदायूं रोड पर जाने वाले वाहन इसी फ्लाईओवर से जाते हैं और वापस भी आते हैं। पहले से ही इस फ्लाईओवर की वजह से वाहन चालकों को काफी दिक्कतें होती हैं क्योंकि फ्लाईओवर काफी घुमावदार है। किला रोड पर उतरने वाले वाहन चालकों को सबसे ज्यादा दिक्कत होती है क्योंकि पुल के ऊपर चढ़ने वाले वाहनों से टकराने का डर रहता है। साथ ही पुल पर ही ऑटो, टेंपो व डग्गामार वाहन सवारियां भरते हैं। इसकी वजह से भी पुल संकरा रह जाता है।
इसकी वजह से इसके आगे बने चौराहा पर कई बार हादसे हो चुके हैं। इस पुल की समस्या के समाधान के लिए मढ़ीनाथ जाने वालों के लिए फ्लाईओवर बनाया गया। इससे वाहन चालकों को काफी राहत मिली। अब चौपुला चौराहे पर जाम न लगे और वाहन बदायूं रोड, किला, चौकी चौराहा और पटेल चौक की तरफ बे-रोकटोक जा सकें, इसके लिए चौपुला पर एक और फ्लाईओवर बन रहा है। काफी काम पूरा हो चुका है।
सिटी सब्जी मंडली की तरफ से पिलर बन चुके हैं और छत भी पड़ चुकी है। इसकी वजह से मढ़ीनाथ पुल पर जाने के लिए काफी कम रास्ता बचा है। यदि सिटी स्टेशन चौराहे से वाहनों को गुजारा गया तो अन्य तरफ से आने वाले वाहनों की रफ्तार कम हो जाएगी। यदि किला की ओर से आने वाले वाहनों को नए फ्लाईओवर के नीचे से मोड़कर घुमाकर फ्लाईओवर पर चढ़ाया तो भी दिक्कत होगी। इसके अलावा यहां पर एक तरफ डिवाइडर लगाए तो भी दिक्कत होगी। अब देखना होगा कि फ्लाईओवर बनने के बाद क्या इंतजाम किए जाते हैं।
चौपुला पुल पर सवारी भरने से नहीं रोक रहे
चौपुला पुल पर ऑटो-टेंपो व डग्गामार वाहन चालक खड़े होकर सवारियां लगातार भर रहे हैं। इसकी वजह से जाम भी लग रहा है। ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी भी लगती है लेकिन इन वाहन चालकों के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई नहीं की जा रही है। फ्लाईओवर निर्माण की वजह से दिक्कत काफी दिनों से हो रही है लेकिन समस्या का समाधान नहीं निकल रहा है। यही नहीं निर्माणाधीन फ्लाईओवर के चारों ओर भी ऑट-टेंपो नीचे खड़े होकर ही सवारियां भरकर जाम लगा रहे हैं।
