मुरादाबाद: शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने में जुटेगी पुलिस टीम
मुरादाबाद, अमृत विचार। देर से ही सही, महानगर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए पुलिस अब बहुत जल्द मजबूत स्थिति में होगी। लंबे समय से फोर्स की कमी से जूझ रही यातायात पुलिस में 42 पुलिस कर्मियों को भेजा गया है। नई पोस्टिंग के बाद हेड मोहर्रिर व आरक्षियों की संख्या में बढ़ोत्तरी हो …
मुरादाबाद, अमृत विचार। देर से ही सही, महानगर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए पुलिस अब बहुत जल्द मजबूत स्थिति में होगी। लंबे समय से फोर्स की कमी से जूझ रही यातायात पुलिस में 42 पुलिस कर्मियों को भेजा गया है। नई पोस्टिंग के बाद हेड मोहर्रिर व आरक्षियों की संख्या में बढ़ोत्तरी हो गई है।
वहीं फोर्स बढ़ने के साथ ही अफसरों ने नए ड्यूटी प्वाइंटों का चयन करने की तैयारी कर ली है। फोर्स मिलने के साथ ही एसपी सिटी ने आदेश कर दिए हैं। इसके अलावा जाम के लिए बदनाम हो चुके चौराहों पर भी अतिरिक्त फोर्स तैनात की जाएगी।
पीतलनगरी के नाम से मशहूर मुरादाबाद अब जाम के लिए बदनाम होता जा रहा है। आए दिन शहर की सड़कों पर सुबह-शाम लगने वाला जाम जीवन की रफ्तार में ब्रेक लगा रहा है। ऐसा नहीं हैं कि नगरवासियों को जाम से निजात दिलाने के लिए प्रयास नहीं हुए हैं। कई अफसर आए, जिन्होंने जाम से जूझ रही जिंदगी को राहत देने के लिए प्लान बनाया। जाम का सवब बन रहे कई चौराहों को खत्म कर दिया गया।
आटो व ई-रिक्शा पर प्रतिबंध लगाने के साथ ही शहर को चार जोन में भी बांटा गया। लेकिन, हालात जस के तस हैं। हर त्योहार व खास मौकों पर महानगर की सड़कों से गुजरना दुश्वार हो जाता है, जिसकी वजह है कि अफसरों का तबादला होने के बाद ट्रैफिक व्यवस्था फिर पुराने ढर्रे पर आ जाती है।
42 पुलिस कर्मियों को दी ट्रैफिक पुलिस में तैनाती
एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने फिलहाल शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार लाने के लिए पहल की है। इसके लिए उन्होंने फोर्स की कमी को दूर किया है। उन्होंने शनिवार को पुलिस कर्मियों के बड़े स्तर में तबादले कर दिए। इसमें 42 आरक्षी व मुख्य आरक्षी ट्रैफिक पुलिस को दिए गए। इस फेरबदल के बाद महानगर को जाम से निजात दिलाने की उम्मीद जागी थी। अधीनस्थों ने भी फोर्स की उपलब्धता होते ही नए ड्यूटी प्वाइंटों का चिह्नीकरण करने के लिए सर्वे शुरू कर दिया है। वहीं कपूर कंपनी, इम्पीरियल तिराहा, सम्भल चौराहा, पीलीकोठी, पीएसी तिराहा, फव्वारा, रेलवे स्टेशन के सामने और लाकड़ी फाजल समेत अन्य जाम वाले प्वाइंटों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
नई तैनाती से पहले ट्रैफिक पुलिस की स्थित एक नजर में
पद संख्या
टीआई 1
टीएसआई 6
हेड कांस्टेबिल 18
कांस्टेबिल 45
होमगार्ड 155
पीआरडी जवान 56
ट्रैफिक एसपी अशोक कुमार सिंह ने कहा कि फोर्स बढ़ने के बाद नए ड्यूटी प्वाइंटों का चयन भी किया जा रहा है। भीड़भाड़ वाले बाजार व प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त फोर्स की तैनाती की जाएगी।
