बरेली: 8 मार्च की दिल्ली से बरेली व बरेली से दिल्ली फ्लाइट की सीटें फुल
अमृत विचार, बरेली। 8 मार्च से सिविल एन्क्लेव (बरेली एयरपोर्ट) से उड़ान शुरू कराने की तैयारी पूरी कर ली गईं हैं। 72 सीटर एटीआर के दिल्ली से बरेली आने और बरेली से दिल्ली जाने के लिए सीटें फुल हो गई हैं। ऑनलाइन टिकट बुकिंग से रविवार तक 148 टिकट बुक हो गए हैं। अब 10 …
अमृत विचार, बरेली। 8 मार्च से सिविल एन्क्लेव (बरेली एयरपोर्ट) से उड़ान शुरू कराने की तैयारी पूरी कर ली गईं हैं। 72 सीटर एटीआर के दिल्ली से बरेली आने और बरेली से दिल्ली जाने के लिए सीटें फुल हो गई हैं। ऑनलाइन टिकट बुकिंग से रविवार तक 148 टिकट बुक हो गए हैं।
अब 10 मार्च की फ्लाइट की एडवांस बुकिंग शुरू हो गई। बरेली से पहली बार फ्लाइट से दिल्ली जाने और बरेली आने के लिए बड़ी संख्या में लोग उत्सुक हैं और महंगे में भी टिकट बुक करा रहे हैं।
बताते हैं कि बरेली से दिल्ली जाने के लिए अंतिम सीट 10500 रुपये में एक शौकीन ने बुक कराई है। इधर, दिल्ली एयरपोर्ट से आने वाली पहली फ्लाइट में केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार बरेली आएंगे और उसी दिन बरेली से दिल्ली भी जाएंगे। इसके साथ ही बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति डा. केशव कुमार अग्रवाल भी 8 मार्च को फ्लाइट से बरेली से दिल्ली जाएंगे।
कई अन्य वीआईपी दिल्ली से उद्घाटन समारोह में पहुंच रहे हैं। उड़ान शुरू कराने के लिए बरेली आने का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 95 प्रतिशत कार्यक्रम तय माना जा रहा है। सीएम के आने के मद्देनजर जिला प्रशासन अपनी तैयारी में जुटा हुआ है। इधर, एयरपोर्ट निदेशक राजीव कुलश्रेष्ठ ने बताया कि उड़ान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
यह है फ्लाइट के आने-जाने का समय व किराया
एलाइंस एयर ने बरेली-दिल्ली फ्लाइट का किराया 1954 रुपये प्रति यात्री निर्धारित किया है। 50 प्रतिशत सीट की बुकिंग होने पर रेट भी बुकिंग के अनुसार बढ़ते जाएंगे। इससे माना जा रहा है कि 50 प्रतिशत बुकिंग के बाद यात्रियों को दो सौ से एक हजार, पांच हजार या 10 हजार रुपये तक अतिरिक्त खर्च करने पड़ सकते हैं।
नए शेड्यूल के अनुसार एटीआर-72 दिल्ली से बरेली के लिए 8.55 बजे उड़ेगा और 10 बजे बरेली एयरपोर्ट पहुंचेगा। बरेली एयरपोर्ट से 10.25 उड़ान भरेगा तो दिल्ली 11.25 बजे पहुंचेगा। 16 फरवरी को जारी किए गए शेड्यूल के अनुसार 25 मिनट अधिक समय बढ़ गया। पहले बरेली से दिल्ली 11 बजे पहुंचने का समय निर्धारित किया गया था। बरेली एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए बुधवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को फ्लाइट उपलब्ध रहेगी।
जिलाधिकारी व एसएसपी ने परखी एयरपोर्ट की व्यवस्थाएं
जिलाधिकारी नितीश कुमार, एसएसपी रोहित सिंह सजवाण, सीडीओ चंद्रमोहन गर्ग सोमवार को बरेली एयरपोर्ट पहुंचे और 8 मार्च को होने वाले उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। डीएम ने दौरे में सभी प्रकार की व्यवस्थाएं परखीं। डीएम, एसएसपी व मेयर ने विमानपत्तन निदेशक राजीव कुलश्रेष्ठ के साथ कई बिंदुओं प विचार विमर्श किया। वहीं, मेयर उमेश गौतम भी एयरपोर्ट पहुंचे। इस दौरार एयरपोर्ट निदेशक ने मेयर के साथ सुलभ शौचालय पार्किंग एरिया में बनाने के लिए विचार विमर्श किया। मेयर ने सुलभ शौचालय व अन्य साफ सफाई की सुविधा प्रदान करने का आश्वासन दिया है।
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारी पहुंचे एयरपोर्ट
8 मार्च को उड़ान शुरू होने के संबंध में सोमवार को भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारियों ने एयरपोर्ट का दौरा किया। अधिकारियों ने एविएशन सेफ्टी एवं जीएम सिविल के द्वारा टर्मिनल बिल्डिंग में सभी सुविधाओं के दृष्टिगत व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। एयरपोर्ट निदेशक राजीव कुलश्रेष्ठ ने उड़ान शुरू होने की कार्ययोजना को लेकर चर्चा की। एलाइंस एयर 8 मार्च से बरेली-दिल्ली हवाई सेवा शुरू करने जा रही है।
बरेली-दिल्ली फ्लाइट के पैसेंजर तय करेंगे लखनऊ की फ्लाइट
जिलाधिकारी नितीश कुमार का कहना है कि बरेली-दिल्ली फ्लाइट शुरू होने के बाद लखनऊ के लिए फ्लाइट शुरू कराने के प्रयास किए जाएंगे। बरेली-दिल्ली के पैंसेजरों की संख्या ही लखनऊ के लिए फ्लाइट शुरू कराएगी। उड़ान योजना के तहत हर मंडल को हवाई सेवा के जरिए राजधानी से कनेक्ट किया जाएगा। हवाई सेवा शुरू होने से डाक्टर, कारोबारी और अधिवक्ताओं को काफी फायदा मिलेगा। उद्योगों के लिए भी कई तरह से हवाई सेवा लाभकारी साबित होगी।
