अयोध्या: दिव्यांगता दूर करने को शासन की सराहयनीय पहल, 12 दिव्यांग बच्चों की हुई करेक्टिव सर्जरी
अयोध्या। जनपद के दिव्यांग बच्चों को सामान्य जीवन यापन के लिए योग्य बनाया जा रहा है। इसके लिए जिले भर से बच्चों का चुनाव कर उनकी करेक्टिव सर्जरी कराई जा रही है। मंगलवार को जनपद में 12 दिव्यांग बच्चों की करेक्टिव सर्जरी कराई गई। मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को समय से लक्ष्य प्राप्ति और उपलब्ध …
अयोध्या। जनपद के दिव्यांग बच्चों को सामान्य जीवन यापन के लिए योग्य बनाया जा रहा है। इसके लिए जिले भर से बच्चों का चुनाव कर उनकी करेक्टिव सर्जरी कराई जा रही है। मंगलवार को जनपद में 12 दिव्यांग बच्चों की करेक्टिव सर्जरी कराई गई। मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को समय से लक्ष्य प्राप्ति और उपलब्ध उपकरणों के प्रयोग के लिए हिदायत दी है।
मंडलायुक्त एमपी अग्रवाल ने मण्डल के सभी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिया है कि जनपद में दिव्यांगों के लिए उपलब्ध उपकरण नियमानुसार दिव्यांग लाभार्थियों को तत्काल उपलब्ध कराया जाए। ताकि उपकरण का समय से उपयोग हो सके और खराब न होने पाए। उन्होंने अन्य योजनाओं में भी लाभार्थियों को उनके लाभ, उपकरण और अनुदान का तत्काल वितरण सुनिश्चित कराने की हिदायत दी है।
शासन की योजना के मुताबिक 0 से 14 वर्ष तक के बच्चों की दिव्यांगता, अपंगता दूर करने एवं सुधार करने के लिए 21 प्रकार की निशुल्क करेक्टिव सर्जरी की जा रही है। योजना के तहत पूरे जनपद में चिन्हांकन शिविरों के माध्यम से 50 बच्चों को चिन्हित किया गया है। आपरेशन के उपरांत बच्चों के लिए आवश्यक विशेष कैलीपर, उपकरण एवं जूते इस योजना के तहत विशेषज्ञ संस्थान की ओर से बच्चों को निशुल्क उपलब्ध कराये जाएगे, जिससे ये दिव्यांग बच्चें आम बच्चों की तरफ सुरक्षित एवं सामान्य जीवन जी सकें।
मंगलवार को जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी जयनाथ गुप्ता ने बताया कि योजना के पहले चरण में आज जिलाधिकारी अनुज कुमार झा व मुख्य विकास अधिकारी प्रथमेश कुमार के निर्देशन में जिला चिकित्सालय में आर्थाे सर्जन डा. आशीष श्रीवास्तव की ओर से चयनित 12 दिव्यांग बच्चों की करेक्टिव सर्जरी की गयी। जिला चिकित्सालय के सीएमएस और सहयोगी कर्मचारियों की उपस्थित में सर्जन को सम्मानित भी किया गया।
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में विकासखण्ड सोहावल के 6, विकासखण्ड मयाबाजार के 3 और विकासखण्ड पूरा बाजार के दो और विकासखण्ड मसौधा के एक बच्चे अर्थात कुल 12 बच्चों की करेक्टिव सर्जरी की गई। दूसरे और तीसरे चरण में शेष ऑफिस बच्चों की करेक्टिव सर्जरी जिला चिकित्सालय एवं राजर्षि दशरथ राजकीय मेडिकल कालेज अयोध्या के आर्थो विभाग की मदद से मार्च माह के तृतीय सप्ताह तक पूर्ण कर ली जाएगी।
चयनित लाभार्थी हासिल कर लें दिव्यांग उपकरण
मुख्य विकास अधिकारी प्रथमेश कुमार ने बताया को जनपद के विकासखण्ड अमानीगंज, हरिग्टनगंज, मिल्कीपुर, तारून, बीकापुर, रूदौली एवं मवई के दिव्यांग लाभार्थी एडिप योजना तहत भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) कानपुर की ओर से कृत्रिम अंग, सहायक उपकरण योजना के तहत विकास खण्ड मुख्यालय जाकर अपनी आवश्यकतानुसार उपकरण रसीद दिखाकर प्राप्त कर लें।
यह उपकरण 27 फरवरी तक ले लिए जाने चाहिए थे। उन्होंने बताया कि विकासखण्ड अमानीगंज, मिल्कीपुर, हरिग्टनगंज के लाभार्थी को उपकरण विकासखण्ड परिसर मिल्कीपुर और बीकापुर एवं तारून के लाभार्थी विकासखण्ड बीकापुर तथा रूदौली एवं मवई विकासखण्ड के लाभार्थी को विकासखण्ड रूदौली में प्राप्ति रसीद से उपकरण हासिल हो सकते हैं।
