बरेली: फ्लाइट के टिकट में त्रुटि, लिख दिया रायबरेली
बरेली, अमृत विचार। 8 मार्च से बरेली एयरपोर्ट से उड़ान शुरू होगी। इसके लिए 10 दिन पहले से टिकट की बुकिंग की जा रही है। दिल्ली से बरेली और बरेली से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट की सीटें सोमवार दोपहर तक ही फुल हो गई थीं लेकिन बरेली-दिल्ली फ्लाइट के टिकट में त्रुटि सामने आई है। …
बरेली, अमृत विचार। 8 मार्च से बरेली एयरपोर्ट से उड़ान शुरू होगी। इसके लिए 10 दिन पहले से टिकट की बुकिंग की जा रही है। दिल्ली से बरेली और बरेली से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट की सीटें सोमवार दोपहर तक ही फुल हो गई थीं लेकिन बरेली-दिल्ली फ्लाइट के टिकट में त्रुटि सामने आई है।
बरेली टु दिल्ली के कॉलम में रायबरेली टु दिल्ली लिख दिया गया। मोहम्मद जफीर नाम के यात्री ने बरेली टु दिल्ली के लिए टिकट बुक कराया तो टिकट पर सबसे ऊपर मंडे, 08 मार्च’21 राय बरेली टु दिल्ली लिखा आया। इससे वह हैरान रह गए। हालांकि, टिकट के अन्य सभी कॉलम में सभी जानकारियां ठीक हैं।
बरेली एयरपोर्ट से 10:25 बजे फ्लाइट के उड़ने और इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 11:25 बजे लैंडिंग का समय भी ठीक लिखा है। एक घंटे में एटीआर 72 बरेली से दिल्ली पहुंचेगा। बरेली का नाम गलत आने को लेकर मोहम्मद जफीर ने केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार के ट्विटर हैंडल पर रि-ट्वीट कर टिकट की फोटो भी अपलोड की है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से टिकट पर बरेली का नाम सही कराने की मांग की है।
जफीर ने पांच दिन पहले केंद्रीय मंत्री के ‘बरेली से हवाई सुविधा को जल्द ही शुरू करने के लिए चल रहा हमारा प्रयास अब पूर्णत: सफल होने की ओर अग्रसर है’ के ट्वीट को देखकर रि-ट्वीट किया था। हालांकि, यह त्रुटि ठीक हुई या नहीं, इस बारे में न तो एयरपोर्ट और न ही एलाइंस एयर के अधिकारी सही जानकारी दे पा रहे हैं। इतना मालूम हुआ है कि टिकट में त्रुटि का मामला एलाइंस एयर के हेडक्वार्टर तक पहुंच गया है।
टिकट पर लिखा-वैलिड आईडी प्रूफ साथ रखना अनिवार्य
यात्रा के दौरान वैलिड आईडी प्रूफ भी साथ रखना जरूरी है। टिकट पर स्पष्ट लिखा है कि कैरी ए वैलिड फोटो आईडेंटिफिकेशन प्रूफ (ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड व पैन कार्ड)। टिकट पर यह भी लिखा है कि डिपार्चर से दो घंटे पहले यात्री को रिपोर्ट करना जरूरी है।
10 मार्च की फ्लाइट की 50 प्रतिशत सीटें फुल
10 मार्च की दिल्ली से बरेली आने और बरेली से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट की 50 प्रतिशत सीटें फुल हो गई हैं। ये सीटें निर्धारित किराया 1954 रुपये प्रति यात्री के हिसाब से बुक की गई हैं। इसके बाद 50 प्रतिशत टिकट पर अतिरिक्त चार्ज शुरू हो जाता है। 8 मार्च की बरेली से दिल्ली फ्लाइट का अंतिम टिकट 10500 रुपये में खरीदा गया था।
8 मार्च को बरेली पहुंचेंगी महिला आयोग की उपाध्यक्ष
8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस भी है। बरेली की उड़ान को महिला दिवस से भी जोड़कर देखा जा रहा है। उड़ान महिलाओं के लिए समर्पित रहेगी, ऐसी चर्चा हो रही है। वहीं, 8 मार्च को ही राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष सुषमा सिंह भी बरेली आ रही हैं। उनके आगमन को भी उड़ान शुरू होने के कार्यक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है।
