बरेली: केंद्रीय मंत्री ने पत्नी संग लगवाया कोरोना का टीका
अमृत विचार, बरेली। शुक्रवार को जिले में 6 हजार से अधिक लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। शाम को केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार अपनी अपनी के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने कोरोना का टीका लगवाया, तो वहीं आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने भी निजी अस्पताल में जाकर 250 रुपए शुल्क जमा कर कोरोना …
अमृत विचार, बरेली। शुक्रवार को जिले में 6 हजार से अधिक लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। शाम को केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार अपनी अपनी के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। जहां उन्होंने कोरोना का टीका लगवाया, तो वहीं आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने भी निजी अस्पताल में जाकर 250 रुपए शुल्क जमा कर कोरोना का टीका लगवाया।
सरकारी अस्पतालों में 89 टीकाकरण केंद्र बनाए गए थे जहां 6180 लोगों ने कोरोना का टीका लगवाया। प्राइवेट अस्पतालों में 15 जगह वैक्सीनेशन हुआ और 565 लोगों को कोरोना का टीका लगवाया गया।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आरएन सिंह की तरफ से जनप्रतिनिधियों को कोविड-19 वैक्सीनेशन के लिए आमंत्रित किया गया था।
शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार और उनकी पत्नी कोरोना का टीका लगवाने के लिए जिला अस्पताल में बने टीकाकरण केंद्र पहुंचे। वहां केंद्रीय मंत्री और उनकी पत्नी की डिटेल अपलोड की गई। उसके बाद दोनों लोगों को कोविड वैक्सीन लगाई गई।
कोविड गाइड लाइन के अनुसार केंद्रीय मंत्री और उनकी पत्नी करीब 30 मिनट तक आब्जर्वेशन रूम में रहे। इस दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है, खुद प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति इस वैक्सीन को लगवा चुके हैं, लोगों को आगे बढ़कर वैक्सीन अभियान को सफल बनाने में जुटना चाहिए।
आधा घंटा बाद केंद्रीय मंत्री पत्नी के साथ चले गए। वैक्सीनेशन के दौरान भाजपा के नेता और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आरएन सिंह ने बताया कि शुक्रवार को कुल 6745 लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाई गई। इसमें 6180 टीका सरकारी सेंटरों पर लगा जबकि 565 वैक्सीन प्राइवेट अस्पताल में लगाई गई।
सांसद ने सक्षम लोगों से की अपील
कोरोना टीकाकरण को जनप्रतिनिधि और 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का टीकाकरण शुरू हो चुका है। शहर के निजी अस्पताल में पहुंचकर आंवला सांसद धर्मेन्द्र कश्यप ने कोरोना टीकाकरण की पहली डोज 250 रूपए जमा कर लगवाई।
सांसद ने कहा कि कोरोना वैश्विक महामारी पूर्ण रूप से समाज मे खत्म करने को कोरोना की वैक्सीन अवश्य लगवाए। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के नियंत्रण के लिए उत्तर प्रदेश में उत्कृष्ट कार्य हुआ है। कोरोना का टीका पूरी तरह से सुरक्षित और असरदायक है। सांसद धर्मेन्द्र कश्यप ने कहा कि सक्षम लोगों को प्राइवेट अस्पताल में ही टीका लगवाना चाहिए।
ऐसा कर हम केंद्र और राज्य सरकार की मदद कर सकते हैं। प्राइवेट अस्पताल में टीका लगवाने के लिए जो पैसा देंगे उसका कुछ हिस्सा केंद्र और राज्य सरकार के पास जाएगा। चूंकि क्रमिक रूप से देश के 130 करोड़ लोगों का टीकाकरण किया जाना है। यह एक बहुत बड़ा अभियान है। इस पर सरकार का बहुत खर्च हो रहा है। सक्षम लोग प्राइवेट अस्पताल में 250 रूपए जमा कर टीका लेकर मदद कर सकते हैं।
सांसद के मीडिया प्रभारी राहुल कश्यप ने कहा कि सांसद धर्मेन्द्र कश्यप को सभी सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क कोरोना वैक्सीन टीकाकरण की सुविधा प्राप्त थी। लेकिन उन्होंने प्राइवेट अस्पताल में 250 रूपए शुल्क अदा करके टीका लगाने का फैसला किया।
