बरेली: इंटर और स्नातक पास पर बरसीं नौकरियां, डिप्लोमा होल्डर रहे पीछे
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में कुछ दिन पहले रोजगार मेला लगा था जिसमें इंटर व स्नातक पास 65 प्रतिशत अभ्यर्थियों पर नौकरियों की बरसात हुई। जबकि, डिप्लोमा व आईटीआई करने वाले विद्यार्थी पीछे रहे। सेवायोजन कार्यालय ने मेले में चयनित अभ्यर्थियों का रिकॉर्ड बनाया तो यह आंकड़ा सामने आया है। 23 फरवरी को बरेली …
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में कुछ दिन पहले रोजगार मेला लगा था जिसमें इंटर व स्नातक पास 65 प्रतिशत अभ्यर्थियों पर नौकरियों की बरसात हुई। जबकि, डिप्लोमा व आईटीआई करने वाले विद्यार्थी पीछे रहे। सेवायोजन कार्यालय ने मेले में चयनित अभ्यर्थियों का रिकॉर्ड बनाया तो यह आंकड़ा सामने आया है।
23 फरवरी को बरेली कॉलेज मैदान में क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, उप्र कौशल विकास मिशन और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के तत्वावधान में वृहद मेले का आयोजन कराया गया था। मेले में 51 कंपनियों ने हिस्सा लिया था। इसमें 10882 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया जिनमें 3205 अभ्यर्थियों का अलग-अलग कंपनियों में चयन हुआ था।
मेले में सबसे ज्यादा भीड़ लोकल व एक दिल्ली की एक कंपनी के स्टाल पर थी जिसमें योग्यता 12वीं मांगी गई थी। इस कंपनी में पदों की संख्या भी अधिक थी। इसके अलावा ज्यादातर कंपनियां सेल से जुड़ी थीं, जिनमें डिप्लोमा और आईटीआई की ज्यादा जरूरत नहीं थी। यही वजह रही कि 3205 अभ्यर्थियों में से 1137 अभ्यर्थी इंटर और 933 स्नातक पास हैं। मेले में 369 अभ्यर्थी आईटीआई पास, 217 परास्नातक और सिर्फ 78 डिप्लोमा होल्डर हैं। 175 ने अन्य कोर्स कर रखा था।
मेले में कई अभ्यर्थियों का चयन तो कर लिया लेकिन कई को अभी तक काम नहीं मिला है। इनमें से कई अभ्यर्थियों को कंपनी के नियमों के तहत पहले कुछ महीने की ट्रेनिंग करनी होगी। इसके बाद उन्हें वेतन मिलेगा। सहायक निदेशक सेवायोजन बरेली मंडल त्रिभुवन सिंह ने बताया कि प्राइवेट कंपनियां अपनी जरूरत के हिसाब से चयन करती हैं। मेले में चयनित अभ्यर्थियों का शैक्षिक योग्यता के आधार पर रिकॉर्ड तैयार किया गया है। जल्द ही अन्य मेले भी आयोजित कराए जाएंगे ताकि युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार मिल सके।
