बरेली: धान का भुगतान अधूरा, गेहूं खरीद की तैयारी शुरू
अमृत विचार, बरेली। एक तरफ धान खरीद का किसानों को भुगतान नहीं हो पाया तो दूसरी तरफ एक अप्रैल से अधिकारी गेहूं खरीद की तैयारियों में जुट गए हैं। इसके लिए 37 केंद्रों का निर्धारण भी हो चुका है। किसानों का कहना है कि होली नजदीक है। अगर समय से भुगतान नहीं हुआ तो उनको …
अमृत विचार, बरेली। एक तरफ धान खरीद का किसानों को भुगतान नहीं हो पाया तो दूसरी तरफ एक अप्रैल से अधिकारी गेहूं खरीद की तैयारियों में जुट गए हैं। इसके लिए 37 केंद्रों का निर्धारण भी हो चुका है। किसानों का कहना है कि होली नजदीक है। अगर समय से भुगतान नहीं हुआ तो उनको दिक्कत होगी। किसानों का करीब 14 करोड़ रुपये का भुगतान अब भी लंबित है।
31 जनवरी को जिले में धान खरीद बंद की जा चुकी है। अफसरों ने दावा किया कि इस बार रिकॉर्ड तोड़ धान की खरीद हुई है। शासन से मिला धान खरीद का लक्ष्य तय समय से करीब एक महीने पहले ही पूरा किया जा चुका था। भुगतान को लेकर भी एजेंसियों को निर्देश जारी किए गए थे लेकिन अब भी कुछ एजेंसियों पर किसानों का बकाया है। सरकारी रिकॉर्ड के मुताबिक इस सत्र का 96 प्रतिशत से अधिक का बकाया भुगतान किसानों को किया जा चुका है।
इधर, एक अप्रैल से शुरू होने वाली गेहूं खरीद की तैयारियों में जुटे अफसरों को शासन से निर्देश मिले हैं। तय समय पर केंद्रों का निर्धारण कर लिया जाए। बिचौलियों की सक्रियता खत्म करने के लिए इस बार ई-पॉश मशीन से गेहूं खरीद की व्यवस्था रहेगी। गेहूं बिक्री के लिए पंजीकरण शुरू कर दिए गए हैं। जनसेवा केंद्रों के अलावा विभागीय वेबसाइट के माध्यम से भी किसान घर बैठे पंजीकरण करा सकते हैं। डिप्टी आरएमओ सुनील भारती ने बताया कि धान का बकाया भुगतान लगातार हो रहा है। एजेंसी प्रबंधकों को निर्देश जारी किए जा चुके हैं। शीघ्र ही शत प्रतिशत भुगतान किसानों का हो जाएगा।
