बरेली: प्रदेश को मिलीं 70 इलेक्ट्रिक बसें, 25 बरेली में दौड़ेंगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। प्रदेश में जल्द ही 70 इलेक्ट्रिक बसें दौड़ेंगी जिनमें से 25 बसें शहर में चलाई जाएंगी। बुधवार को नगर विकास एवं शहरी समग्र विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि स्थानीय परिवहन को सस्ता और प्रदूषण कम करने के लिए लिए केंद्र सरकार ने इलेक्ट्रिक बसों का संचालन …

अमृत विचार, बरेली। प्रदेश में जल्द ही 70 इलेक्ट्रिक बसें दौड़ेंगी जिनमें से 25 बसें शहर में चलाई जाएंगी। बुधवार को नगर विकास एवं शहरी समग्र विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि स्थानीय परिवहन को सस्ता और प्रदूषण कम करने के लिए लिए केंद्र सरकार ने इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू करने की योजना तैयार की है। इसके तहत बरेली शहर में जल्द ही 25 इलेक्ट्रॉनिक बसें दौड़ेंगी। इससे शहरी विकास को गति मिलेगी और स्थानीय लोगों की यातायात संबंधी सुविधाओं में भी बढ़ोतरी होगी।

सर्किट हाउस में विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में आशुतोष टंडन ने कहा कि पहले चरण में केंद्र सरकार ने 740 इलेक्ट्रॉनिक बसें खरीदी हैं। इनमें 70 बसें प्रदेश को मिल गई हैं। बरेली के लोगों के लिए खुशी की बात यह है कि इन बसों में से 25 जल्द ही शहर की सड़कों पर दौड़ने लगेंगी। सभी बसें वातानुकूलित होंगी। बाद में जरूरत के अनुसार बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

पर्यटन केंद्र के तौर पर विकसित होगा शहर
कैबिनेट मंत्री आशुतोष टंडन ने कहा कि लखनऊ-दिल्ली के साथ उत्तराखंड के नजदीक होने से बरेली को आसानी से पर्यटन केंद्र के तौर पर विकसित किया जा रहा है। इसके तहत स्मार्ट सिटी के तहत तो करोड़ों रुपये के काम चल ही रहे हैं। साथ ही कूड़ा प्रबंधन ऐसा बनाया जाएगा जो अभी प्रदेश के चुनिंदा शहरों में ही है।

सीवर लाइन में देरी पर मंत्री के निशाने पर रहा जल निगम
नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान जल निगम के अधिकारियों को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि अमृत योजना के तहत सीवर और पेयजल आपूर्ति लाइन बिछाने के जो काम चल रहे हैं उन्हें हर हाल में मार्च तक पूरा कर लिया जाए। बाकी काम जून तक पूरे करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने 1100 करोड़ रुपये से ज्यादा के स्मार्ट सिटी के कामों की भी गहन समीक्षा की। मंत्री ने कहा कि स्मार्ट सिटी के कार्यों में ढिलाई न बरती जाए।

मंडलायुक्त सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान मंत्री को जल निगम के अधिकारियों ने बताया कि कालीबाड़ी, नगर निगम के सामने, चौपुला आदि के पास अमृत योजना के तहत काम चल रहे हैं। मंत्री ने जल निगम के कार्यों को लेकर असंतोष जाहिर किया। उन्होंने जल निगम को निर्देश दिए कि जिन जगहों पर जलापूर्ति लाइन पड़ने के बाद भी गड्ढे नहीं भरे गए हैं उन्हें तुरंत ठीक किया जाए।

बैठक में नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने बताया कि डोर-टु-डोर कूड़ा कलेक्शन हर रोज किया जा रहा है। नगर आयुक्त ने बताया कि डोर-टु-डोर कूड़ा कलेक्शन की सभी गाड़ियों में एक जीपीएस सिस्टम लगाया गया है जिससे गाड़ी की लोकेशन का पता लगाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि मार्ग प्रकाश के लिए 32408 एलईडी लाइटें लगाई गई हैं।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के अन्तर्गत अब तक 5560 गरीब लोगों को आवास आवंटित किए जा चुके हैं। नगर विकास मंत्री ने इस संख्या को बढ़ाने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने बताया कि अब तक गायों के रहने के लिए 823 गोशालाएं बनाई जा रही हैं। उनकी बाउंड्रीवाल का कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इस अवसर पर मंडलायुक्त आर. रमेश कुमार, महापौर उमेश गौतम, नगर विधायक अरूण कुमार सहित सम्बन्धित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

गांधी उद्यान में सुबह-शाम चलाएं संगीतमय फव्वारे
नगर विकास मंत्री ने कहा कि गांधी उद्यान में सुबह तथा शाम को जब लोग टहलने आएं तो म्यूजिकल फाउंटेन यानी संगीतमय फव्वारे चलाने चाहिए। वहां पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाई जाए जिससे लोगों को टहलने में सुविधा हो सके।

मेयर द्वारा की गई शिकायतों की भी होगी जांच
नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन से सर्किट हाउस में पत्रकारों ने सवाल पूछा कि मेयर ने स्मार्ट सिटी को लेकर पूर्व में शासन को कई शिकायतें भेजी थीं जिन पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसमें कई अधिकारियों के नाम भी शामिल थे। इस पर मंत्री ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार को कतई बढ़ावा नहीं देगी। जो मामले संज्ञान में आए हैं उनकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार