बरेली: 31 केंद्रों पर होंगी विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने एलएलबी, बीबीए, बीसीएम व अन्य विषम सेमेस्टर की परीक्षाओं के केंद्रों की प्रस्तावित सूची जारी कर दी है। विश्वविद्यालय से संबद्ध 145 महाविद्यालयों के परीक्षा केंद्र 31 महाविद्यालयों में बनाए गए हैं। कई महाविद्यालयों में छात्रों की संख्या कम हैं। ऐसे में एक महाविद्यालय में कई महाविद्यालयों के …

बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने एलएलबी, बीबीए, बीसीएम व अन्य विषम सेमेस्टर की परीक्षाओं के केंद्रों की प्रस्तावित सूची जारी कर दी है। विश्वविद्यालय से संबद्ध 145 महाविद्यालयों के परीक्षा केंद्र 31 महाविद्यालयों में बनाए गए हैं। कई महाविद्यालयों में छात्रों की संख्या कम हैं। ऐसे में एक महाविद्यालय में कई महाविद्यालयों के केंद्रों का निर्धारण किया है। बरेली कॉलेज में स्वकेंद्र समेत 13 महाविद्यालयों की परीक्षा होगी।

विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षाएं 16 मार्च से शुरू हो रही हैं। कुछ परीक्षाएं 19 मार्च तो कुछ 20 मार्च से होंगी। विषम सेमेस्टर की परीक्षाओं के लिए करीब 44 हजार छात्रों ने फॉर्म भरे थे। बरेली जिले के 8 महाविद्यालयों में बने परीक्षा केंद्रों में 10,477 छात्र परीक्षा देंगे। बरेली कॉलेज में सबसे ज्यादा 5210 विद्यार्थी हैं।

आदर्श महाविद्यालय हरदुआ नवाबगंज में 1148, डॉ. राम मनोहर लोहिया राजकीय महाविद्यालय में 866, गन्ना उत्पादक महाविद्यालय बहेड़ी में 803, खंडेलवाल कॉलेज ऑफ मैने. एंड टेक्नो. पीलीभीत बाईपास में 1307, राजेंद्र प्रसाद स्नातकोत्तर महाविद्यालय मीरगंज में 140, सूरजभान इंस्टी. ऑफ इंफा. टेक्नो. राजेंद्र नगर में 635 और जमुना प्रसाद मेमोरियल कॉलेज नैनीताल रोड में 288 विद्यार्थियों की परीक्षा होगी। बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, रामपुर, मुरादाबाद, जेपी नगर, बिजनौर और संभल के महाविद्यालयों में भी जिले से संबंधित केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों की सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। जल्द ही सभी छात्रों को प्रवेश पत्र भी वेबसाइट से मिल जाएंगे।

अब 19 से होंगी एलएलबी की परीक्षाएं
विश्वविद्यालय ने एलएलबी और बीएएलएलबी की परीक्षाओं के शेड्यूल में परिवर्तन किया है। 16 मार्च से होने वाली परीक्षाएं अब 19 मार्च से शुरू होंगी। कुछ छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मुलाकात कर परीक्षाओं की तिथियों में बदलाव की मांग की थी। एलएलबी की परीक्षाएं 8 अप्रैल और बीए एलएलबी की परीक्षाएं 5 अप्रैल को समाप्त होंगी। एलएलबी की परीक्षाओं में नकल और हंगामा की संभावना रहती है। हालांकि, विश्वविद्यालय ने छात्रों पर कार्रवाई कर साफ कर दिया कि इस बार भी सभी परीक्षाओं में सख्ती होगी।

परीक्षा से पहले उज्जवल ढाका ने माफी मांगी
विश्वविद्यालय में दो दिन पहले सेमेस्टर परीक्षाओं की तारीख बढ़ाने को लेकर प्रदर्शन करने वाले छात्रनेता उज्जवल ढाका ने बुधवार को परीक्षा शुरू होने से पहले चीफ प्रॉक्टर प्रो. जेएन मौर्या को लिखित माफीनामा दे दिया। माफी मांगने पर उसे परीक्षा में बैठने दिया गया। उससे पहले 5 छात्रों ने पहले ही माफी मांग ली थी। बुधवार को वह कुछ छात्रों के साथ दिखा तो प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने उसे तुरंत वहां से जाने और पढ़ाई करने की नसीहत दी। उससे पहले उसने एक विधायक के पास जाकर फोन पर सिफारिश लगवायी थी।

बीएएमएस के छात्रों ने परीक्षा टालने की मांग की
सेमेस्टर परीक्षाओं का शेड्यूल जारी होने के बाद से लगातार छात्र परीक्षाएं टालने की मांग कर रहे हैं। बुधवार को भी कई आयुर्वेदिक कॉलेज के बीएएमएस के छात्र परीक्षा तिथि को आगे बढ़ाने की मांग को लेकर विश्वविद्यालय पहुंचे। सबसे पहले उन्हें चीफ प्रॉक्टर प्रो. जेएन मौर्या, डिप्टी चीफ प्रॉक्टर एके सिंह, सुरक्षा प्रभारी सुधांशु ने कैंटीन के सामने ही रोककर उनकी समस्या सुनी। उसके बाद उनके आई कार्ड लिए और उनकी परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार से मुलाकात करायी। परीक्षा नियंत्रक ने डीएन के सामने समस्या रखने के लिए कहा। बीएएमएस की परीक्षाएं 20 मार्च से शुरू हो रही हैं।

संबंधित समाचार