बरेली: फ्लाइट के बहाने दरगाह से जोड़ मुस्लिम वर्ग को साधने की तैयारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। बरेली से फ्लाइट शुरू कराने के बहाने भाजपा ने मुस्लिम वर्ग को साधने की कोशिश की है। यूपी बीजेपी के टिवटर हैंडल पर एक तस्वीर शेयर की गई है, जिसमें लिखा है, भाजपा सरकार में हवाई सेवा का विस्तार, ‘पूरा हुआ बरेली के लोगों का सपना’। इसके साथ तस्वीर में एक साइड …

अमृत विचार, बरेली। बरेली से फ्लाइट शुरू कराने के बहाने भाजपा ने मुस्लिम वर्ग को साधने की कोशिश की है। यूपी बीजेपी के टिवटर हैंडल पर एक तस्वीर शेयर की गई है, जिसमें लिखा है, भाजपा सरकार में हवाई सेवा का विस्तार, ‘पूरा हुआ बरेली के लोगों का सपना’। इसके साथ तस्वीर में एक साइड में दरगाह आला हजरत और कुछ दूरी पर इंडिया गेट का चित्र बना है। इसमें दरगाह के ऊपर से विमान के इंडिया गेट तक उड़ने का ऐरो बनाया है।

तस्वीर के टिवटर पर आने के बाद खासी चर्चा हो रही है। कहा जा रहा है कि भाजपा हाईकमान ने तस्वीर में उड़ान के जरिए दरगाह का चित्र देकर मुस्लिम वर्ग को साधने के लिए यह संदेश देने का प्रयास किया है कि हम उनके साथ हैं। इस तस्वीर को लेकर कुछ लोगों ने बीजेपी के टि्वटर हैंडल पर तीखे कमेंट्स भी किए हैं। राजनीतिक गलियारों में इस तस्वीर को पंचायत चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। चर्चा है कि पंचायत चुनाव सिर पर हैं। बरेली के मुस्लिम वोटरों को साधने के लिए पोस्टर में दरगाह का चित्र बनाया गया है। इसमें यह भी लिखा है कि जल्द ही बरेली एयरपोर्ट का विस्तार अन्य शहरों के लिए होगा। उड़ान शुरू होने से उद्योगों को भी लाभ मिलेगा।

आमजन को नहीं मतलब रनवे-किसका, वे उड़ान से ही खुश
बरेली से दिल्ली के लिए फ्लाइट शुरू होने से हर कोई काफी खुश है। फ्लाइट उधार के रन-वे से शुरू हुई है, भविष्य में दिक्कतें आ सकती हैं। एयरफोर्स ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए यदि रन-वे प्रयोग करने से इनकार कर दिया तो क्या होगा, इस बात से लोगों को कोई खास मतलब नहीं है।

हालांकि, ‘बरेली एयरपोर्ट को अपना रन-वे चाहिए’ इस मांग को सभी जायज बता रहे हैं। जनप्रतिनिधि से लेकर अफसर यही कह रहे हैं कि अभी बरेली-दिल्ली उड़ान शुरू हुई है। अभी यात्रियों का रिस्पांस आना शेष है। अन्य शहरों के लिए बरेली से फ्लाइट शुरू होने पर किस-किस तरह की दिक्कतें आएंगी, इसके बारे में कुछ कहना अभी जल्दबाजी है। बरेली से दिल्ली और दिल्ली से बरेली के लिए दो दिन ही फ्लाइट आई और गई है। ज्यादा उड़ानें शुरू होने पर ही दिक्कतों के बारे में मालूम होगा। यदि दिक्कतें बढ़ेंगी तो एयरपोर्ट का भी रन-वे बनवाने पर उच्च स्तर पर बात की जाएगी। फिलहाल, जो उड़ान शुरू हुई है वह निरंतर चलती रहे, ऐसी उम्मीद सभी लगाए हुए हैं।

बरेली से अभी फ्लाइट शुरू हुई है। भविष्य में मुंबई, बंगलुरू और लखनऊ समेत अन्य शहरों के लिए उड़ानें शुरू होनी हैं। बरेली-दिल्ली फ्लाइट को लेकर यात्रियों का क्या रिस्पांस रहेगा। आमजन से कैसी-कैसी मांगें आ रही हैं, कई ऐसे बिंदु सामने आएंगे, जिन पर गौर करके आगे चीजें बेहतर की जाएंगी। एयरपोर्ट का अपना रन-वे होना चाहिए। यह मांग जायज है, लेकिन भविष्य में फ्लाइट के रिस्पांस पर बहुत चीजें निर्भर करती हैं। -डा.अरुण कुमार, शहर विधायक

बरेली-दिल्ली फ्लाइट शुरू होने से बरेली सीधे तौर पर देश की राजधानी से जुड़ गया है। अभी उड़ान शुरू हुई है। बरेली से ज्यादा उड़ानें शुरू होंगी, तब एयरपोर्ट के अपने रन-वे को लेकर शासन स्तर पर बात की जाएगी। -आर रमेश कुमार, मंडलायुक्त बरेली

गुरुवार को फ्लाइट चालू कराने की मांग, केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन
समाज सेवा मंच के पदाधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार से गुरुवार को भी फ्लाइट शुरू कराने की मांग की है। ज्ञापन सौंपकर समाज सेवा मंच ने केंद्रीय मंत्री से कहा कि आपने बरेली में हवाई सेवा निश्चित तौर पर शहर के लिए बड़ी उपलब्धि है। यह आपके अथक प्रयासों का परिणाम है। अपनी मांगें रखते हुए कहा कि हवाई सेवा व्यापार और व्यापारियों की सुविधा के मद्देनजर गुरुवार के दिन अवश्य बरेली से दिल्ली के लिए चलाई जाए। उसका समय सुबह 6 से रात 9 बजे के मध्य का रखा जाए।

पदाधिकारियों ने दूसरी मांग उठाते हुए कहा कि गुरुवार के दिन जाने वाली फ्लाइट के साथ-साथ गुरुवार के ही दिन दिल्ली से बरेली के लिए सुबह 8 से 12 बजे के मध्य भी एक हवाई सेवा का बरेली आगमन भी सुनिश्चित किया जाए। जनहित में मुंबई, कोलकाता, लखनऊ, प्रयागराज और मुख्य रूप से अयोध्या आदि शहरों के लिए हवाई सेवा करने की मांग की।

दंपति यात्री ने टि्वटर पर शेयर की वीडियो, बरेली वालों से प्यार देने का आह्वान
एलांइस एयर के एटीआर-72से दिल्ली से बरेली आए एक दंपति ने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के (एएआई बरेली) टि्वटर हैंडल पर अपना वीडियो शेयर कर कहा है कि बरेली टर्मिनल बेहद सुंदर बनाया गया है। बरेली से उड़ान शुरू होने से लोगों को दिल्ली जाने में दिक्कतें नहीं होंगी। एयरपोर्ट ऐसे ही चलता रहे, कहीं बंद न हो जाए इसलिए बरेली के लोगों को प्यार देना चाहिए। ज्यादा से ज्यादा यात्री मिलेंगे तो सेवाएं रेगुलर चालू रखने में भी दिक्कतें नहीं आएंगी।

संबंधित समाचार