महराजगंज: पुलिस ने तीन लूट की घटनाओं का किया पर्दाफाश, दो महिला समेत 8 लोग गिरफ्तार
अमृत विचार, महराजगंज। पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता ने कुछ दिनों पहले कोल्हुई कस्बे में ज्वैलर्स की दुकान से हुई चोरी की घटना समेत लूट के तीन बड़े मामलों का सोमवार को खुलासा किया गया है। लूट की घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने चोरी किये सोने-चांदी के जेवरात सहित तमंचे व अवैध असलहों के …
अमृत विचार, महराजगंज। पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता ने कुछ दिनों पहले कोल्हुई कस्बे में ज्वैलर्स की दुकान से हुई चोरी की घटना समेत लूट के तीन बड़े मामलों का सोमवार को खुलासा किया गया है।
लूट की घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने चोरी किये सोने-चांदी के जेवरात सहित तमंचे व अवैध असलहों के साथ दो महिलाओं समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसपी प्रदीप गुप्ता ने इन लुटेरों के कारनामों से पर्दा उठाते हुए इनकी गिरफ्तारी के लिये पुलिस टीम को बधाई दी है।
इस गैंग का पर्दाफाश करने के साथ ही जनपद के थाना कोल्हुई में ज्वैलर्स की दुकान से की गई चोरी, थाना फरेन्दा, थाना घुघली व कोतवाली में पंजीकृत चोरी के मुकदमों का भी पर्दाफाश हो गया है। गिरफ्तार किये गये 8 अभियुक्तों मे दो महिलाएं और 6 पुरूष शामिल हैं।
पुलिस अधिक्षक प्रदीप गुप्ता के निर्देशन व अपर पुलिस अधिक्षक निवेश कटियार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी फरेन्दा के नेतृत्व में थानाध्यक्ष कोल्हुई और एसओजी प्रभारी निरीक्षक शंशाक शेखर राय द्वारा मुखबिर की सूचना पर इन लुटेरों को आनन्द नगर (फरेंदा) रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया है। यह गैंग प्रेम पोखरे पर रोड़ के किनारे प्लास्टिक के बने तम्बू में रह रहा था।
पुलिस के वहां पहुंचने पर एक व्यक्ति तम्बू से निकलकर रेलवे स्टेशन की तरफ तेजी से भागा, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। सख्ती से पूछताछ पर लूटे और चोरी के सभी राज खुलकर सामने आ गये।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में मलखान पुत्र जगन्नाथ, मलखान पुत्र रामसुप, लालसिह पुत्र हरपाल सिंह, खुशहाली पुत्र जद्दी, गोकरण पुत्र कप्तान, ऐवज पुत्र कप्तान, वीरमति पत्नी रघुनन्दन और राजकुमारी पत्नी स्व पारस है। इस संदर्भ में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी अभियुक्त मूल रूप से ईशापुर थाना निगोही जनपद शाहजहांपुर के निवासी है।
आरोपियों के पास से 41,000 रुपये नकदी, चांदी के जेवरात 3.588 ग्राम, सोने के जेवरात 31.16 ग्राम भी बरामद किये गये है। इसके अलावा दो तमंचे 315 बोर, 9 जिन्दा कारतूस, 5 अदद नकब छोटे बड़े, लाल मिर्च पाउडर 01 डिब्बा, एक अदद टूटा हुआ सीसी टीवी का हार्ड डिस्क और 3 मोबाईल फोन भी बरामद किये गए हैं।
