बरेली: अहिच्छत्र और गोमती की भौगोलिक स्थिति जानेंगे छात्र
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज के भूगोल विषय के तृतीय वर्ष के छात्र अपने गांव और मोहल्ले की भौगोलिक स्थिति की रिपोर्ट तैयार करेंगे। गोमती नदी, अहिच्छत्र और माला जंगल की भी भौगोलिक स्थिति का छात्र पता लगाएंगे। छात्रों को प्रयोगात्मक परीक्षाओं से पहले क्षेत्र अध्ययन पुस्तिका तैयार करनी होगी। इसी पुस्तिका को तैयार करने …
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज के भूगोल विषय के तृतीय वर्ष के छात्र अपने गांव और मोहल्ले की भौगोलिक स्थिति की रिपोर्ट तैयार करेंगे। गोमती नदी, अहिच्छत्र और माला जंगल की भी भौगोलिक स्थिति का छात्र पता लगाएंगे। छात्रों को प्रयोगात्मक परीक्षाओं से पहले क्षेत्र अध्ययन पुस्तिका तैयार करनी होगी। इसी पुस्तिका को तैयार करने के दौरान वे अपने एरिया की स्थिति के बारे में जान सकेंगे। भूगोल विभागाध्यक्ष डा. अक्षय कुमार शुक्ला ने इस संबंध में छात्रों को निर्देश दिए हैं।
भूगोल विषय के बीए तृतीय वर्ष के छात्रों का विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार प्रयोगात्मक परीक्षाओं से पहले शैक्षणिक शिविर कराया जाता है। इस वर्ष कोरोना महामारी की वजह से शिविर का आयोजन नहीं कराया गया है। शिविर के अंक परीक्षा में शामिल किए जाते हैं। कुछ दिनों बाद प्रयोगात्मक परीक्षाएं आयोजित होंगी। ऐसे में छात्रों को अब क्षेत्र अध्ययन पुस्तिका प्रयोगात्मक परीक्षाओं से पहले तैयार करनी होगी। यह पुस्तिका प्रयोगात्मक परीक्षा के दौरान जमा करनी होगी। इसी आधार पर छात्रों को अंक दिए जाएंगे।
भूगोल विभागाध्यक्ष डा. अक्षय शुक्ला ने बताया कि निर्धारित पाठ्यक्रम के तहत छात्रों को उनकी सुविधा के अनुसार उन्हें अपने गांव या मोहल्ले की रिपोर्ट तैयार करने के लिए कहा है। महाविद्यालय में बरेली के अलावा पीलीभीत, बदायूं और शाहजहांपुर जिले के भी छात्र पढ़ते हैं। प्रत्येक गांव की अलग भौगोलिक स्थिति होती है।
छात्रों को अक्षांतर व देशांतर मापने के बारे में बताया गया है। वे अपने क्षेत्र में रहने वाले लोगों के रहन सहन, आर्थिक स्थिति, जनसंख्या, सामाजिक स्थिति समेत अन्य रिपोर्ट तैयार करेंगे। छात्रों की सुविधा के लिए उन्हें घर के आसपास की ही रिपोर्ट तैयार करने के लिए कहा गया है। बरेली के कई गांवों में महिलाएं जरी का काम करती हैं, आंवला में अहिछत्र है, पीलीभीत से गोमती नदी की उत्पत्ति हुई है, इसी तरह से माला जंगल भी है। इन सभी जगहों की रिपोर्ट छात्र तैयार करेंगे।
