बरेली: बाकरगंज में जमा कूड़े के निस्तारण की आस जगी, सामने आई फर्म

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। बाकरगंज डंपिंग ग्राउंड में इकट्ठा करीब चार लाख मीट्रिक टन कूड़े के निस्तारण की आस जगने लगी है। काफी समय बाद एक फर्म उचित मूल्य पर इस कूड़े के निस्तारण के लिए तैयार है। कूड़े को उसकी स्थिति के आधार पर अलग-अलग कर हटाया जाएगा। इसके एवज में फर्म ने 239 रुपये …

अमृत विचार, बरेली। बाकरगंज डंपिंग ग्राउंड में इकट्ठा करीब चार लाख मीट्रिक टन कूड़े के निस्तारण की आस जगने लगी है। काफी समय बाद एक फर्म उचित मूल्य पर इस कूड़े के निस्तारण के लिए तैयार है। कूड़े को उसकी स्थिति के आधार पर अलग-अलग कर हटाया जाएगा। इसके एवज में फर्म ने 239 रुपये प्रति मीट्रिक टन की राशि मांगी है।

नगर निगम प्रशासन ने इस पर विचार शुरू कर दिया है। पहले भी कुछ फर्में कूड़ा निस्तारण के लिए आगे आई थीं लेकिन उन्होंने ज्यादा राशि मांगी थी। नगर निगम प्रशासन ने उनकी मांग के अनुसार राशि अदा करने में असमर्थता जाहिर की थी। अब नए सिरे से इस प्रक्रिया को पूरा कराया जा रहा है।

नगर निगम प्रशासन ने पूर्व में एक सर्वे रिपोर्ट तैयार कराई थी। इसके मुताबिक, 8.6 एकड़ भूमि पर बने बाकरगंज डंपिंग ग्राउंड पर करीब चार लाख मीट्रिक टन कूड़ा इकट्ठा हो गया है। शहर क्षेत्र में हर दिन निकलने वाला करीब 450 मीट्रिक टन कूड़ा एक अरसे से यहीं फेंका जा रहा है। इस कूड़े का निस्तारण न हो पाने से नगर निगम के अधिकारी काफी समय से परेशान हैं। हालांकि, अब यह कोशिश है कि सथरापुर में बन रहे सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट की करीब 10 एकड़ भूमि पर बाकरगंज के कूड़े के कुछ हिस्से को शिफ्ट कर दिया जाए।

हालांकि, इस डंपिंग ग्राउंड को लेकर इसे स्थायी समाधान नहीं माना जा रहा है। पूर्व में नगर निगम ने कई बार बाकरगंज कूड़े के निस्तारण की प्रक्रिया की थी। इसमें कई फर्मों से टेंडर भी मांगे गए थे लेकिन ठेका लेने वाली संस्थाओं को यहां कूड़े को विकेंद्रित कर उसका पृथक्कीकरण और री-साइकिलिंग वाले कूड़े को इकट्ठा करने का काम करना था। पहले इसके एवज में संस्थाओं ने प्रति मीट्रिक टन 592 रुपये प्रति हेक्टेयर के हिसाब से खर्च मांगा था। करीब चार लाख मीट्रिक टन कूड़े को निस्तारित करने वाले खर्च का हिसाब लगाकर नगर निगम प्रशासन ने इसे बहुत ज्यादा बताते हुए हाथ खड़े कर दिए।

इसके बाद यह प्रक्रिया लंबे समय तक ठंडी पड़ गई। अफसरों ने इसे लेकर हाथ-पैर तो चलाए लेकिन इसका कोई असर नहीं दिखाई दिया। इस बीच एक और कंपनी इस काम के लिए आगे आई है। इसके लिए प्रति मीट्रिक टन के लिए 239 रुपये का खर्च मांगा गया है। नगर निगम प्रशासन इसके लिए तैयार होता दिखाई दे रहा है। अगर फर्म ने यह काम शुरू कर दिया तो बाकरगंज में कूड़ा निस्तारण की लंबे समय से चली आ रही समस्या का जल्द समाधान होने की उम्मीद दिखाई दे रही है। इस प्रोजेक्ट को देख रहे शासन से आए आशीष चौहान भी इसे आगे बढ़ाने के लिए कार्ययोजना जल्द ही उच्चाधिकारियों को देंगे।

बाकरगंज में कूड़ा निस्तारण के प्रयास काफी समय से किए जा रहे हैं। कोशिश है कि उचित रेट पर काम लेने वाली फर्म को यह काम दे दिया जाए। -संजीव प्रधान, पर्यावरण अभियंता, नगर निगम

संबंधित समाचार