बरेली: गांधी उद्यान में मधुमक्खियों का हमला, मची भगदड़
अमृत विचार, बरेली। गांधी उद्यान में बुधवार दोपहर मधुमक्खियों का छत्ता टूटकर नीचे गिर गया। इससे पार्क में घूमने वालों में भगदड़ मच गई। बताया जा रहा है कि किसी ने छत्ते पर ईंट मार दी थी। जिसके बाद मधुमक्खियां हमलावर हो गईं। पार्क में टहल रहे महिला-पुरुष व बच्चे जान बचाकर बाहर भागे। हमले …
अमृत विचार, बरेली। गांधी उद्यान में बुधवार दोपहर मधुमक्खियों का छत्ता टूटकर नीचे गिर गया। इससे पार्क में घूमने वालों में भगदड़ मच गई। बताया जा रहा है कि किसी ने छत्ते पर ईंट मार दी थी। जिसके बाद मधुमक्खियां हमलावर हो गईं। पार्क में टहल रहे महिला-पुरुष व बच्चे जान बचाकर बाहर भागे। हमले में कई लोग घायल हुए हैं। उनके मुंह सूज गए।

आसपास दुकान लगाने वाले लोगों का कहना था कि यहां पेड़ों पर मधुमक्खियां अपना छत्ता अक्सर बना लेती हैं। कुछ समय बाद छत्ता या तो खुद गिर जाते हैं या फिर शहद निकालकर बेचने वाले छत्तों को तोड़ देते हैं। इस वजह से ऐसी घटनाएं आम हो गई हैं। नगर निगम के 12 से अधिक कर्मचारियों की ड्यूटी गांधी उद्यान में रहती है मगर पार्क की व्यवस्था देखने में कोई रुचि नहीं लेता है।

पहले तो समझ नहीं पाए माजरा-
लोग जब जान बचाकर बाहर भागकर आए तो बच्चों को रोते व बड़ों को चिल्लाते देख किसी को काफी देर तक माजरा ही समझ नहीं आया। इसके बाद उनके पास जाकर लोगों ने जानकारी ली तो वे भी भौचक रह गए। लोगों ने बताया कि पार्क में मुधमक्खियों के छत्ते पर किसी शरारती व्यक्ति ने ईंट मार दी थी जिसकी वजह से मधुमक्खियों का छत्ता टूट गया और वहां घूम रहे लोगों पर मधुमक्खियों ने हमला बोल दिया। मधुमक्खियां सभी पर चिपट गईं। इससे उनके मुंह और हाथ सूज गए।
