अयोध्या: कोरोना के बढ़ते कदमों को रोकने को प्रशासन मुस्तैद, सक्रिय होंगी सर्विलांस टीमें
अयोध्या। वैश्विक महामारी का रूप धारण कर चुके नोबेल कोरोना वायरस के संक्रमण का ग्राफ एक बार फिर बढ़ने के साथ शासन के निर्देश पर प्रशासन ने इसके रोकथाम की कवायद शुरू कर दी है। बुधवार को जिला अधिकारी अनुज कुमार झा ने एकीकृत आपदा नियंत्रण केंद्र में संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक …
अयोध्या। वैश्विक महामारी का रूप धारण कर चुके नोबेल कोरोना वायरस के संक्रमण का ग्राफ एक बार फिर बढ़ने के साथ शासन के निर्देश पर प्रशासन ने इसके रोकथाम की कवायद शुरू कर दी है। बुधवार को जिला अधिकारी अनुज कुमार झा ने एकीकृत आपदा नियंत्रण केंद्र में संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर भावी कार्ययोजना पर विचार विमर्श किया। संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए सर्विलांस टीमों को सक्रिय किए जाने की हिदायत दी।
सूचना विभाग की ओर से बताया गया कि बैठक में निर्णय लिया गया है कि कोविड-19 से सर्वाधिक प्रभावित राज्यों दिल्ली, महाराष्ट्र पंजाब व मध्य प्रदेश आदि से आने वाले लोगों की रेलवे स्टेशन और रोडवेज स्टेशन पर एंटीजन जांच के साथ लक्षण दिखने पर आरटीपीसीआर जांच सुनिश्चित कराई जाए। संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए सर्विलांस टीमों को सक्रिय कर डोर टू डोर सर्वे कराया जाए और बाहर से आने वाले लोगों का संबंधित प्रोफार्मा पर नाम, पता, मोबाइल नंबर सहित पूरा ब्यौरा दर्ज कर कोरोना की जांच कराई जाए।
इसके साथ ही प्रसार को रोकने के लिए टीकाकरण अभियान में तेजी लाने और वरिष्ठ नागरिकों, व्यापार मंडल, अधिवक्ताओं, पेंशनर्स आदि से समन्वय स्थापित कर लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरूक करने की हिदायत दी गई है। एकीकृत आपदा नियंत्रण केंद्र को पूर्व की भांति सुबह 8:00 बजे से रात 10:00 बजे तक सक्रिय रखने और इसके लिए आवश्यक कर्मचारियों अधिकारियों की तैनाती का निर्देश दिया गया है।
वहीं लोगों से अपील की गई है कि शासन के दिशा निर्देशों के तहत सभी अपने नजदीकी टीकाकरण स्थल जाकर कोविड-19 का टीका अवश्य लगवाएं। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. घनश्याम सिंह जिला विकास अधिकारी हवलदार सिंह पीडी डीआरडीए शीतला प्रसाद समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
